’13 साल में मेरी जिंदगी तबाह हो गई। मेरे साथ रेप किया गया। जब कभी मैं विरोध करती, तो मुझे न्यूड कर पीटा जाता था। नमाज न पढ़ने पर मेरे साथ मारपीट की जाती थी। मेरे 5 निकाह हुए और 2 बार हलाला झेलना पड़ा।’
यह कहना है मध्यप्रदेश के इंदौर की रहने वाली 31 साल की एक हिंदू महिला का। उसका आरोप है कि एक मुस्लिम युवक ने हिंदू बनकर फेसबुक पर दोस्ती की। इसके बाद मिलने के लिए उत्तर प्रदेश बुलाया। यहां मुझे बंधक बना लिया गया।
फिर जबरन मेरा धर्म परिवर्तन कराया गया। इसके बाद मुझसे 25 साल बड़े मौलाना से मेरा निकाह करा दिया गया। फिर मौलाना ने मुझे तीन तलाक दे दिया। इसके बाद मेरा हलाला कराकर दूसरी जगह निकाह करा दिया गया। इसी तरह से मेरे 5 निकाह कराए गए और 2 बार हलाला किया गया।
महिला ने 5 मई को अंकुर विहार थाने में 13 नामजद समेत 16 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया था। पुलिस ने 7 मई को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।






