पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू अपना ही जिला नहीं संभाल पा रहे हैं। यहां कांग्रेस को लगातार झटके पर झटके मिल रहे हैं। अमृतसर के मेयर करमजीत सिंह रिंटू के आप में शामिल होने के एक दिन बाद कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। मतदान से ठीक 3 दिन पहले अमृतसर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के तीन पार्षद गुरजीत कौर, पार्षद मनदीप अहूजा और पार्षद प्रियंका शर्मा कांग्रेस को छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं। उधर, सिद्धू के विधानसभा क्षेत्र अमृतसर पूर्वी की पार्षद और जिला कांग्रेस अध्यक्ष जतिंदर सोनिया गत दिवस अकाली दल में शामिल हो गई हैं। इसे सिद्धू के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
ये तीनों पार्षद मेयर करमजीत सिंह रिंटू की अगुआई में पार्टी में शामिल हुए हैं। वीरवार को इन्हें दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पार्टी में शामिल करवाया। इस दौरान उनके साथ हल्का उतरी से आप के उम्मीदवार डा. कुंवर विजय प्रताप सिंह भी मौजूद थे। आप में शामिल होने के बाद हलका उत्तरी से कांग्रेस के उम्मीदवार सुनील दत्ती को खतरा पैदा हो गया है। इसका नुकसान सुनील दत्ती को ही झेलना पड़ सकता है।
वीरवार को दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की मौजूदगी में कांग्रेस पार्षद गुरजीत कौर, पार्षद मनदीप अहूजा और पार्षद प्रियंका शर्मा आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए।
सिद्धू के हलके से कांग्रेस महिला जिला प्रधान शिअद में शामिल
कांग्रेस पार्षद जतिंदर सोनिया ने अकाली दल का दाम थामा है। अब चौथी पार्षद के जाने का सीधा नुकसान सिद्धू को होगा। सोनिया बतौर जिला कांग्रेस प्रधान व महिला कांग्रेस की प्रधान होने के नाते खासी सक्रिय रही हैं। वह दो बार पार्षद हैं। इसका फायदा शिअद प्रत्याशी मजीठिया को मिलेगा। सोनिया से पहले अमृतसर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के तीन कांग्रेस पार्षद अकाली दल ज्वाइन कर चुके हैं।
तीन और पार्षदों के कांग्रेस छोड़ने की चर्चा
बता दें कि बुधवार को मेयर करमजीत सिंह रिंटू आप में शामिल हो गए थे। वह कुछ दिनों से पार्टी से नाराज चल रहे थे। यह तीनों पार्षद मेयर कर्मजीत सिंह रिंटू के खासमखास हैं। बताया जा रहा है कि हल्का उतरी से ही तीन और कांग्रेस पार्षद भी पार्टी को छोड़कर आप में जाने की तैयारी कर रहे हैं।





