प्रतापगढ़ में शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ दुष्कर्म करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ट्रेवल्स की बस में खलासी का काम करता है और अमरनाथ यात्रा के दौरान पीड़िता को अपने जाल में फंसाया था.
पुलिस उप अधक्षक ऋषिकेश मीणा ने बताया कि अरनोद थाने में बीती 29 अगस्त को पीड़िता ने प्रकरण दर्ज करवाया था कि कुछ समय पहले वह ट्रेवल्स की बस से अमरनाथ यात्रा पर गई थी. इस बस में खलासी का काम करने वाले बड़ीसादड़ी निवासी पिंटू शर्मा उर्फ अब्दुल कादिर ने उससे दोस्ती की. यात्रा से लौटने के बाद दोस्ती के बहाने अब्दुल कादिर ने फोन कर उसे होली हनुमान जी बुलाया और उसे शादी करने का झांसा दिया.
यहां से उसे बहला-फुसलाकर और नशीली दवाई सुंघाकर वह बड़ी सादड़ी लेकर गया जहां उसे 2 दिन तक रखा. उसके बाद वह उसे अपनी बहन के यहां कांकरोली ले गया और वहां 15 दिन तक रख कर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा. पीड़िता ने दर्ज करवाएं प्रकरण में बताया कि बाद में वह शादी की बात से मुकर गया. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच के बाद आरोपी की तलाश शुरू की है, लेकिन वह हाथ नहीं आ रहा था. पुलिस ने मुखबिर के जरिए मिली सूचना के आधार पर आज उसे गिरफ्तार कर लिया. मामले में अनुसंधान जारी है.






