प्राप्त जानकारी अनुसार
बोकारो. झारखंड के बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल के महुआटांड़ थाना क्षेत्र के धवैया गांव में ग्रामीणों ने शख्स की जमकर पिटाई कर दी. जिसके बाद रिम्स ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतक गांव के ही एक शादीशुदा महिला के साथ सुनसान जगह पर गलत हरकरत करते पकड़ा गया. जिसके बाद उसकी जमकर पिटाई कर दी गई. घटना के बाद दो समुदाय के बीच तनाव को देखते हुए एसडीओ और एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस मौके पर कैंप कर रही है.
एसडीपीओ की माने तो माहौल फिलहाल शांतिपूर्ण बना हुआ है. घटना के बाद गोमिया से जेएमएम के पूर्व विधायक योगेंद्र प्रसाद पीड़ित परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और घटना की जानकारी ली. घटना के बाद स्थानीय थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उग्र भीड़ से शख्स को छुड़ाया और इलाज के लिए रामगढ़ अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को गंभीर बताते हुए रांची रिम्स रेफर कर दिया. लेकिन रिम्स ले जाने के दौरान रास्ते में शख्स की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है. प्रशासन ने इलाके में धारा 144 लागू कर दिया है.
एसडीपीओ सतीश चंद्र झा ने बताया कि गुरुवार को मूर्ति विसर्जन के दौरान रात में 45 वर्षीय व्यक्ति को ग्रामीणों ने स्कूल के पीछे एक महिला के साथ पकड़ा और उसकी जमकर पिटाई कर दी. घायल व्यक्ति को आनन- फानन में रामगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रिम्स रांची रेफर किया गया. लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई.
घटना के बाद से ही इन्स्पेक्टर सहित बड़ी संख्या पुलिस बल गांव में कैंप कर रहा है. मृतक के पुत्र और भाई के लिखित आवेदन मारपीट में शामिल 21 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस 11 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. पुलिस के मुताबिक गांव में दोनों समुदाय के बीच काफी सौहार्द है, लेकिन इस घटना के बाद एहतियातन पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है. हालांकि गांव का माहौल तनावपूर्ण है.
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुआ था
मॉब लिंचिंग की घटना में मारे गए युवक का नाम इमरान अंसारी है. वो महुआडांड़ थाना क्षेत्र के ग्राम धवाईया का रहने वाला बताया जा रहा है. दुर्गा पूजा प्रतिमा विसर्जन के दौरान मृतक इमरान अंसारी का कुछ लोगों से विवाद हो गया था. उसी दौरान भीड़ में शामिल लोगों ने इमरान अंसारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी.
अवैध संबंध की आशंका
घटना के संदर्भ में बेरमो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सतीश चंद्र झा ने पुष्टि की है कि भीड़ में शामिल लोगों ने पीट-पीटकर इमरान अंसारी को मौत के घाट उतार दिया. उन्होंने यह भी बताया कि ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक इमरान अंसारी का किसी हिंदू महिला से अवैध संबंध था. इन्हीं कारणों से विवाद हुआ था. जिसके बाद इमरान की भीड़ में शामिल युवकों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी.






