फतेहपुर में लव जिहाद का मामला सामने आया है। यहां फेसबुक पर कृष्णा भइया के नाम से आइडी बनाकर आरोपति ने एक छात्रा से प्रेम संबंध बनाए। यही नहीं घर पर बंधक बनाकर चार साल तक दुष्कर्म किया और मतांतरण करा निकाह भी किया।
चंगुल से छूटकर आई पीड़िता ने एसपी से की शिकायत।
फतेहपुर, जागरण संवाददाता। फेसबुक पर फर्जी नाम से आइडी बनाकर दूसरे मत के युवक ने शहर की एक नाबालिग छात्रा से दोस्ती की। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। बंधक बनाकर घर पर रखा। बालिग होने पर मतांतरण करवाकर निकाह कर लिया। चार साल बाद चंगुल से छूटी पीड़िता ने हिंदू संगठन के नेता के साथ एसपी से मिलकर शिकायत की। एसपी ने कोतवाली इंस्पेक्टर को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
शहर के एक मोहल्ले में रहने वाली पीड़िता का आरोप है कि सितंबर 2017 में वह कक्षा 11 की छात्रा थी। ‘कृष्णा भइया’ नाम पर फेसबुक आइडी चलाने वाले शहर के एक युवक से उसकी दोस्ती हुई। नासमझी की वजह से वह उसके झांसे में आ गई। इसके बाद वह उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। अपने पैतृक गांव गई तो युवक वहां से उसे अगवा कर दिल्ली ले गया। दिल्ली में दस दिन रखने के बाद अक्टूबर, 2018 में अपनी दादी के यहां कर्वी, चित्रकूट ले गया। वहां उसके मां, पिता व भाई भी मौजूद थे। वहां उसे कृष्णा के दूसरे मत का होने का पता चला तो विरोध किया तो उसके पिता व भाई की हत्या की धमकी देकर उसे बंधक बना लिया गया।
आरोपित उसे फतेहपुर शहर अपने घर ले आए। 2019 में मौलवी घर पर बुला उसका मतांतरण और आरोपित युवक से निकाह कराया गया। उसने एक बच्ची को भी जन्म दिया है जो अब सात माह की है। चार दिन पहले छह मई को वह किसी तरह आरोपित के घर से भागकर अपने घर जा पहुंची। शहर कोतवाल आनंद प्रकाश शुक्ला ने बताया कि जांच के बाद आरोपितों पर मुकदमा दर्ज उसे गिरफ्तार किया जाएगा।






