मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले से सामने आए नाबालिग हिंदू लड़कियों के जबरन धर्मांतरण और यौन शोषण मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपित मानी जा रही ‘जस्सी किन्नर’ को भोपाल से गिरफ्तार कर लिया है। जस्सी किन्नर ने ही नाबालिग लड़कियों को अल्तमश खान, आहान खान और आहत शेख से मिलवाया था।

उसने ही तीनों को बुर्का पहनाया था और धर्मांतरण कराकर जबरन निकाह कराया था। अशोकनगर जिले के पिपरई थाना क्षेत्र से जुड़े इस संवेदनशील मामले में गठित विशेष जाँच दल (SIT) ने सटीक भोपाल के सीहोर बायपास इलाके से जस्सी किन्नर को हिरासत में लिया। आरोपित को कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

कैसे रचा गया पूरा जाल?

प्रारंभिक जाँच में सामने आया है कि जस्सी किन्नर ने नाबालिग लड़कियों को पहले दोस्ती के जरिए अपने संपर्क में लिया। इसके बाद उन्हें भोपाल लाया गया, जहाँ उनकी पहचान छिपाने के लिए उन्हें बुर्का पहनाया गया और धीरे-धीरे उन पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया।

एक हिंदू पीड़िता के अनुसार, अल्तमश ने उसके साथ 10 से 15 बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। अल्तमश ने 10 दिनों तक लगातार हिंदू पीड़िता का रेप किया। जाँच में सामने आया है कि पीड़िता की दो सहेलियाँ भी आहान और आहत शेख का शिकार थी। उनका भी 2025 में धर्मांतरण करा कर जबरन निकाह कराया गया था।

मामले का खुलासा एक हिंदू पीड़िता के बुर्का पहनकर अपने घर पहुँचने के बाद हुआ था, जिसके बाद शिकायक के आधार पर पुलिस ने जाँच शुरू की थी।

संगठित गिरोह की आशंका, फरार आरोपितों की तलाश तेज

पुलिस की शुरुआती जाँच इस ओर इशारा कर रही है कि यह पूरा मामला एक बड़े संगठित गिरोह से जुड़ा हो सकता है। जस्सी किन्नर की गिरफ्तारी के बाद अब उसके संपर्कों और नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। एक नाबालिग आरोपित को भी अभिरक्षा में लेकर बाल सुधार गृह भेजा गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पहले ही विशेष टीम बनाई गई थी। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया है।