कोतवाली देहात क्षेत्र में एक विवाहिता को भाईयों से अवैध संबंध न बनाने पर सऊदी अरब में कार्यरत उसका पति तीन तलाक देने और किसी अन्य से निकाह कर लेने की धमकी देता है।
पीड़िता के साथ उसके जेठ ने दुष्कर्म का भी प्रयास किया और शोर मचाने पर पुत्रियों समेत उसके गांव के बाहर छोड़कर फरार हो गए। देहात पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली देहात में पीड़िता विवाहिता ने तहरीर देकर बताया कि वर्ष 2010 में उसका निकाह गुलावठी क्षेत्र के एक गांव के युवक से हुआ था। निकाह के बाद उसने पांच पुत्रियों को जन्म दिया, जिनमें से एक पुत्री की मौत हो चुकी है। पुत्रियां पैदााहेने के चलते उसको प्रताड़ित किया जाने लगा। बीते करीब दो साल से उसका पति सऊदी अरब में काम करता है। उसे एवं उसकी पुत्रियों को कोई खर्चा भी नहीं दिया जाता है। ससुरालीजन उनके साथ अमानवीय व्यवहार करते हैं। पीड़िता का आरोप है कि जेठ एवं देवर द्वारा उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुए अवैध संबंध बनाने का दबाव बनाया जाता है। जब उसके द्वारा पति से फोन पर शिकायत की जाती है तो पति उस पर भाईयों से संबंध बनाने के लिए दबाव बनाता है। भाईयों की बात न मानने पर उसे तीन तलाक देने और दूसरा निकाह कर लेने की धमकी दी जाती है। पीड़िता के अनुसार 12 सितंबर को जेठ ने उसे खींचकर कमरे में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किया। उसके एवं पुत्रियों के शोर मचाने पर आरोपी ने उसे छोड़ा। इसके बाद आरोपी उसे एवं उसकी पुत्रियों को जबरन कार में बैठाकर उसके मायके के बाहर छोड़कर फरार हो गए। उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। देहात पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि मामले में देहात पुलिस को जांच कर उचित कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।





