बिहार में जो RJD नेता कर रहा था तेजस्वी यादव के खिलाफ चुनाव लड़ने की तैयारी, उसकी दिनदहाड़े हत्या: बदमाशों ने दुकान में घुसकर गोलियों से भूना, CCTV फुटेज आई सामने
बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों का आतंक फिर देखने को मिला। बुधवार (10 सितंबर 2025) रात करीब 9:55 बजे RJD नेता राजकुमार उर्फ आला राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार अपराधी दो की संख्या में थे और उन्होंने नेता का पीछा करते हुए 8-10 राउंड गोलियाँ चलाईं।
जानकारी के अनुसार, गोली लगने के बाद राजकुमार राय जान बचाने के लिए एक दुकान में घुस गए, लेकिन हमलावरों ने दुकान के बाहर से भी फायरिंग जारी रखी और फरार हो गए। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को घटनास्थल से तीन खोखे और तीन जिंदा गोलियाँ मिली हैं। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की तलाश कर रही है। पुलिस जमीन विवाद और आपसी रंजिश समेत कई पहलुओं पर जाँच कर रही है। RJD नेता राजकुमार उर्फ आला राय तेजस्वी यादव के खिलाफ चुनाव लड़ने की तैयारी में थे।






