असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने सोमवार को गुलाम कश्मीर (पीओके) में भारतीय सेना द्वारा की गई सर्जिकल स्ट्राइक का एक वीडियो जारी किया है। इसके साथ ही उन्होंने आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई पर सवाल उठाने के लिए तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की फटकार भी लगाई।
वीडियो को पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, ‘प्रिय केसीआर गारू, यह हमारी बहादुर सेना द्वारा की गई सर्जिकल स्ट्राइक का वीडियोग्राफिक सुबूत है। इसके बावजूद, आप हमारे सशस्त्र बलों की वीरता पर सवाल उठाते हैं और उनका अपमान करते हैं। आप हमारी सेना पर हमला करने और बदनाम करने के लिए इतने बेताब क्यों हैं? न्यू इंडिया हमारी सेना के खिलाफ अपमान को बर्दाश्त नहीं करेागा।’
सरमा द्वारा साझा किए गए वीडियो में नक्शों के स्क्रीनशाट, सैटेलाइट इमेज और विभिन्न वीडियो के कट शाट शामिल हैं। बता दें कि इससे पहले केसीआर ने सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर झूठ बोलने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था, ‘आज भी मैं सुबूत मांग रहा हूं। भारत सरकार को (सुबूत) दिखाने दीजिए। बीजेपी झूठा प्रचार करती है इसलिए लोग सुबूत मांग रहे हैं।’
दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच पिछले हफ्ते से ही सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर विवाद चल रहा है। विवाद की शुरुआत शुक्रवार को उस वक्त हुई जब असम के मुख्यमंत्री ने एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘इन लोगों की मानसिकता देखिए। जनरल बिपिन रावत देश का गौरव थे। उनके नेतृत्व में भारत ने पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक की। राहुल गांधी ने स्ट्राइक का सुबूत मांगा। क्या हमने कभी आपसे सुबूत मांगा कि आप राजीव गांधी के बेटे हैं या नहीं? आपको मेरी सेना से सुबूत मांगने का क्या अधिकार है?’
इसके बाद, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा प्रमुख जगत प्रकाश नड्डा से राहुल गांधी पर टिप्पणी के लिए असम के सीएम को बर्खास्त करने का आग्रह किया। केसीआर पर पलटवार करते हुए सरमा ने कहा, ‘मेरा मानना है कि सेना से सवाल करना कि उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक की है या नहीं, यह सबसे बड़ा अपराध है। वह (तेलंगाना के सीएम केसीआर) कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर मेरी टिप्पणी से भड़क गए, लेकिन हमारी सेना पर राहुल गांधी की टिप्पणी पर नहीं भड़के।
Dear KCR garu, here is the videographic evidence of the surgical strike by our brave army.
In spite of this you question the valor of our Armed forces and insult them. Why are you so desperate to attack and malign our Army?
New India will not tolerate insults against our Army. pic.twitter.com/jw0bJIeQZb
— Himanta Biswa Sarma (@himantabiswa) February 14, 2022





