मॉक टेस्ट में लोगों की जिंदगी बदलने का किया दावा, SDM बनते ही करप्शन में डूबी काजल मीणा: ₹50000 की रिश्वत लेते समय ACB ने किया गिरफ्तार

राजस्थान के करौली जिले में भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहाँ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने नदौती उपखंड की SDM काजल मीणा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। उनके साथ दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है। कार्रवाई के दौरान करीब 4 लाख रुपए की संदिग्ध नकदी भी बरामद की गई है। ACB इस पूरे मामले की गहराई से जाँच कर रही है।
जमीन आदेश के बदले माँगी रिश्वत, पहले 1 लाख की रखी डिमांड
ACB अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले की शुरुआत एक शिकायत से हुई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि SDM काजल मीणा के कार्यालय से जमीन के अंतिम आदेश (फाइनल डिक्री) जारी करने के बदले रिश्वत माँगी जा रही थी। आरोप है कि शुरुआत में 1 लाख रुपए की माँग की गई, लेकिन बाद में सौदा 50 हजार रुपए में तय हुआ।
जाँच के दौरान ACB ने ट्रैप बिछाया और पाया कि SDM की ओर से उनका रीडर दिनेश कुमार सैनी और सीनियर असिस्टेंट प्रवीण धाकड़ रिश्वत की रकम ले रहे थे। बताया जा रहा है कि रीडर ने खुद के लिए 10 हजार और SDM के लिए 50 हजार रुपए माँगे थे। जैसे ही रिश्वत की रकम ली जा रही थी, ACB टीम ने मौके पर पहुँचकर तीनों को पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान एक बैग से करीब 4 लाख रुपए की नकदी भी बरामद हुई, जिसे ACB ने संदिग्ध माना है। अधिकारियों का कहना है कि यह रकम भी किसी अन्य रिश्वत से जुड़ी हो सकती है, जिसकी जाच की जा रही है।
काजल मीणा 2024 बैच की राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) अधिकारी हैं और ST कैटेगरी में टॉपर रही हैं। उन्होंने IIT मंडी से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में B.Tech किया है। अब ACB पूरे मामले की जाँच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






