ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को 13 जून को पेश होने को कहा है।
नई दिल्ली जिले के डीसीपी ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने एक कांग्रेस रैली की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा एआईसीसी मुख्यालय 24, अकबर रोड से एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ऑफिस तक जाने की इजाजत मांगी गई थी।
जिले में सांप्रदायिक माहौल और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए रैली की अनुमति नहीं देने का फैसला लिया गया है।
राहुल गांधी के ईडी के समक्ष पेश होने से एक दिन पहले कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर बदले की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि राहुल पीछे नहीं हटेंगे।
राहुल गांधी को ‘नेशनल हेराल्ड-एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड’ सौदे संबंधी मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में 13 जून को ईडी के समक्ष पेश होना है।
ऐसे में कांग्रेस ने फैसला किया था कि पार्टी के सभी शीर्ष नेता और सांसद दिल्ली में ईडी के मुख्यालय तक विरोध मार्च निकालेंगे और ”सत्याग्रह” करेंगे।






