पुलिस ने 24 घंटे में अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई… इस्माइल उर्फ भूरा की हत्या में शामिल निकले… पत्नी, साला और भाई…!!
#निकले थे लाश को ठिकाने लगाने… पर सड़क के गड्ढों के चक्कर में अब खुद ठिकाने लग गए… एक बोला लोग यूंही गड्ढों को लेकर नपा, पंचायतों और PWD को भला बुरा कहते है… कभी कभी ये गड्ढे हत्यारों के लिए भी गड्ढा खोद देते है…🤗😀
#मंदसौर: नई आबादी थाना पुलिस ने मदारपुरा निवासी इस्माइल उर्फ भूरा के अंधे कत्ल का 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा किया है। पैसों के लालच और पारिवारिक कलह के चलते मृतक के सगे भाई, पत्नी और साले ने ही मिलकर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाकर आरोपी भाई खुद ही फरियादी बनकर थाने रिपोर्ट लिखवाने पहुंच गया था।
#पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, एएसपी तेरसिंह बघेल व सीएसपी जितेन्द्रसिंह भास्कर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कुलदीपसिंह राठौर के नेतृत्व में टीम ने इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश किया।
#यह था मामला – दिनांक 15.09.2026 को मोहम्मद ईशाक निवासी मदारपुरा ने सूचना दी कि उसका भाई इस्माइल उर्फ भूरा (32) खिलचीपुरा से नालछा माता मंदिर रोड पर अचेत अवस्था में पड़ा है। डायल 112 से उसे जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की और अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्र. 160/2026 धारा 103(1), 238(a) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया।
#ऐसे हुआ खुलासा – तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और फरियादी बने भाई से मनोवैज्ञानिक पूछताछ में पूरी कहानी सामने आई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी भाई मकान बेचकर मोटी रकम लेना चाहता था, लेकिन मृतक इस्माइल इसमें अड़चन बन रहा था। वहीं मृतक आए दिन शराब पीकर अपनी पत्नी से झगड़ा और मारपीट करता था, जिससे पत्नी भी परेशान थी। इसी लालच और कलह के चलते भाई, पत्नी और साले ने मिलकर पहले सिर पर डंडे से वार किया और फिर गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शव को मूल घटनास्थल से हटाकर खिलचीपुरा-नालछा माता मंदिर रोड पर सुनसान जगह फेंक दिया और इसे नशे या हादसे में मौत दर्शाने के लिए आरोपी भाई खुद थाने में झूठी रिपोर्ट लिखवाने पहुंच गया।
#पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी भाई मोहम्मद ईशाक (30) निवासी मदारपुरा और मृतक की पत्नी मुस्कान (24)को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में शामिल मृतक का भाई शाकिर निवासी नई फतेहगढ फरार है, जिसकी तलाश जारी है। – सौजन्य: Umesh Nex KR क्रांतिकारी रिपोर्टर






