भिंड में लव जिहाद का मामला सामने आया है। मौ कस्बे में रहने वाले चार बच्चों के पिता बली मोहम्मद खान ने अपना धर्म छिपाकर एंडोरी थाना क्षेत्र के गांव की नाबालिग को प्रेम जाल में फंसाया। पिछले 10 माह में शादी का वादा कर आराेपित ने किशाेरी से दुष्कर्म किया। इस बीच किशाेरी को मालूम हुआ कि आरोपित ने अपना धर्म छिपाकर धोखा किया है तो उसने मिलना-जुलना बंद कर दिया। आरोपित ने मिलने का दबाव बनाया तो किशाेरी ने थाने में शिकायत की है। पुलिस ने आरोपित पर धार्मिक स्वतंत्रता का अधिनियम 2021, दुष्कर्म और पास्को एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। आरोपित को गिरफ्तार कर गोहद जेल भिजवा दिया गया है।
किशाेरी को मिस्ड काल से फंसाया जाल में: एंडोरी थाना प्रभारी नागेश शर्मा ने बताया मौ थाना क्षेत्र निवासी चार बच्चों के पिता आरोपित बली मोहम्मद खान उर्फ बल्लू के मोबाइल पर 10 माह पूर्व एक मिस्ड काल आया था। बली ने पलटकर काल किया तो एंडोरी थाना क्षेत्र की किशाेरी से बात हुई। उसने कहा गलती से मिस्ड काल हो गया था। इस दौरान आरोपित बली खान ने अपना धर्म छिपाकर खुद का नाम निशांत कुमार बताते हुए किशाेरी से बातचीत शुरू कर दी। दोनों में बातचीत होने लगी तो बली, ने खुद को अविवाहित बताकर नाबालिग से शादी का वादा किया। शादी के झांसे में आकर नाबालिग ने आरोपित से मिलना शुरू कर दिया। इस दौरान आरोपित ने किशाेरी से दुष्कर्म किया।
वोटर कार्ड से खुला लव जिहाद का राज: थाना प्रभारी नागेश शर्मा ने बताया एक दिन किशाेरी को आरोपित की जेब से वोटर कार्ड मिला। वोटर कार्ड में नाम बली मोहम्मद खान लिखा हुआ था। आरोपित का फोटो लगा था। किशाेरी ने उससे सवाल किया कि तुम तो मुझे अपना नाम निशांत कुमार बता रहे थे, इस पर आरोपित ने किशाेरी को सफाई दी, लेकिन लव जिहाद का राज खुल गया। दोनों के बीच इस दौरान हुई बातचीत में किशाेरी को यह भी मालूम चल गया कि बली मोहम्मद चार बच्चों का पिता है। इससे किशाेरी ने बली से मिलना-जुलना बंद कर दिया।
किशाेरी के घर झगड़ा करने पहुंचा आरोपितः चार मार्च को आरोपित बली खान एंडोरी के गांव में किशाेरी से मिलने पहुंच गया। किशाेरी की मां ने ऐतराज किया तो आरोपित भला-बुरा कहने लगा। इस पर गांव के लोगों ने इकट्ठे होकर बली की ठुकाई लगा दी। किशाेरी ने मदद के लिए डायल 100 पर काल किया। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपित भाग निकला। किशाेरी ने पुलिस को बताया कि कैसे बली ने निशांत बनकर उससे धोखा किया है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
आरोपित ने अपना धर्म छिपाकर नाबालिग को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया था। शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म किया है। आरोपित पर केस दर्ज कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।





