Love Jihad in Shujalpur: शुजालपुर। नर्सिंग का कोर्स करने वाली छात्रा को लगातार धमकाने वाले युवक को मंगलवार को जेल भेज दिया गया। युवक ने छात्रा का नाम अपने हाथों पर गोदकर प्यार का इजहार किया। लड़की द्वारा उसके इस व्यवहार को नजरअंदाज करने पर उसे रोज धमकाने वाले युवक को पुलिस ने सोमवार रात को नरसिंहगढ़ से गिरफ्तार किया। आरोपित युवक युवती को फोटो एडिट कर फोटो वायरल करने की धमकी देने तथा मतांतरण कर शादी न रचाने पर तेजाब फेंककर जलाने की धमकी देता था। मामले के सामने आने के बाद हिंदू संगठनों ने रोष व्यक्त कर इस प्रकार की बढ़ती प्रवृति पर रोक लगाने की बात कही।
शुजालपुर नगर के निजी नर्सिंग कालेज में अध्ययनरत जामनेर निवासी छात्रा द्वारा मंड़ी पुलिस थाने पर की गई शिकायत के बाद हिंदू संगठनों ने रोष प्रकट कर छात्रा पर मतांतरण कर शादी के लिए दबाव बनाने वाले युवक पर लव जिहाद का मामला दर्ज करने की मांग की है। आरोपित उसका ही क्लासमेट बताया जा रहा है जिसने ब्लेड से हाथ काटकर छात्रा का नाम भी लिख रखा है। 18 वर्षीय आरोपित युवक समीर मंसूरी निवासी शुजालपुर को पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर सोमवार को गिरफ्तार किया जिसे मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जहां सें आरोपित समीर को जेल भेज दिया गया है। उल्लेखनीय है कि पीड़ित छात्रा ने सोमवार को मंड़ी पुलिस थाना पहुंचकर पुलिस को बताया कि उसकी कक्षा में पढने वाला छात्र समीर उसे छह माह से परेशान कर रहा है।
कालेज में पढाई के दौरान अश्लील इशारे करता है जिसे नजरअंदाज करने पर आए दिन धमकियां देकर डराने-धमकाने का काम कर रहा है। पिछले कुछ दिनों से समीर मुझ पर मतांतरण कर शादी करने का दबाव बना रहा है। ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी भी और तेजाब फेंककर चेहरा बिगाड़ने की धमकी देता है। छात्रा ने शिकायत में बताया कि 12 अप्रैल को कालेज पहुंची तो समीर मंसूरी ने जबरदस्ती उसका हाथ पकड़ा और साथ चलने को कहा नहीं चलने पर धमकाया कि तेरे फोटो एडिट कर वायरल कर दूंगा। पीड़िता अपने मामा के साथ शिकायत करने पहुंची तो थाने पर उसे करीब पांच घंटे तक अपनी रिपोर्ट लिखवाने के लिए इंतजार करना पड़ा। हिंदू जागरण मंच जिला युवावाहिनी प्रमुख वीरभद्रसिंह तोमर महामंत्री चंदरसिंह बरगौदिया सहित अन्य कार्यकर्ता थाने पहुंचे और कार्रवाई करवाई।





