बुलेटप्रूफ गाड़ियां, 50 स्पेशल अफसरों की टीम, पूरे रास्ते की वीडियोग्राफी के बीच पंजाब पहुंचा गैंगस्टर लॉरेंस
पटिलाया हाउस कोर्ट में पंजाब पुलिस की तरफ से दो दस्तावेज जमा किए गए थे। पहला मानसा कोर्ट की तरफ से जारी गैंगस्टर लॉरेंस का अरेस्ट वारंट, दूसरा लॉरेंस की ट्रांजिट रिमांड से संबंधित। इसी की मंजूरी के बाद गैंगस्टर को पंजाब पुलिस ने कस्टडी में लिया।

चंडीगढ़ : पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला (Sidhu Moose Wala) हत्याकांड में पूछताछ के लिए गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence Bishnoi) को कड़ी सुरक्षा के बीच आज सुबह-सुबह पंजाब (Punjab) लाया गया। सुबह चार बजे ही उसका मेडिकल चेकअप कराया गया। इसके बाद साढ़े चार बजे उसे मानसा कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उसे सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पूछताछ के लिए उसे मोहाली के खरड़ CIA स्टाफ ऑफिस लाया गया है। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) मूसेवाला मर्डर केस में उससे पूछताछ करेगी।
कड़ी सुरक्षा और लॉरेंस का खौफ
तिहाड़ जेल में बंद लॉरेंस को लेने पंजाब पुलिस कड़ी सुरक्षा के साथ दिल्ली पहुंची। मंगलवार रात आठ बजे के करीब उसे लेकर रवाना हुई। फिर पानीपत, सोनीपत और करनाल के रास्ते लेकर सुबह करीब साढ़े तीन बजे पुलिस मानसा पहुंची। लॉरेंस अपनी सुरक्षा को लेकर पहले ही याचिका दायर कर चुका था। हालांकि उसे कोर्ट से राहत नहीं मिली थी। उसका कहना था कि पंजाब पुलिस उसका एनकाउंटर कर सकती है। उसे सुरक्षित लाने पंजाब पुलिस बुलेटप्रूफ गाड़ियां लेकर पहुंची थी। 50 अफसरों की टीम उनकी निगरानी में रही। सुरक्षा में जो भी जवान लगे थे, उनके पास हाईटेक वैपंस थे। सुरक्षा घेरे में सिर्फ चुनिंदा अफसर ही जा सकते थे। पूरे रास्ते की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
मूसेवाला मर्डर केस से लॉरेंस का लिंक
29 मई को जब सिंगर मूसेवाला की हत्या की गई तो दो घंटे बाद ही लॉरेंस गैंग के गुर्गे गोल्डी बराड़ ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली। वह कनाडा में है। यही कारण है कि इस हत्या से लॉरेंस का लिंक माना जा रहा है। लॉरेंस के भांजे सचिन थापन ने भी दावा किया था कि मूसेवाला को उसके गैंग ने ही मारा। इस हत्या के साथ ही लॉरेंस ने मोहाली में मारे गए कॉलेज फ्रेंड विक्की मिड्डूखेड़ा की हत्या का बदला लिया। वहीं, दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने भी पूछताछ के बाद दावा किया कि लॉरेंस ही मूसेवाला की हत्या का मास्टरमाइंड है। यही कारण है कि लॉरेंस की भूमिका इस हत्याकांड में तय मानी जा रही है।
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसका गैंग पंजाब के अलावा हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर के लिए सिरदर्द बना हुआ है. लॉरेंस फिलहाल मकोका के तहत दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है. वह महज 30 साल का है, लेकिन उस पर 50 से ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. माना जाता है कि वह तिहाड़ से ही अपना गैंग चलाता है. बताया जाता है कि लॉरेंस बिश्नोई के गैंग में 100, 200 नहीं बल्कि 600 से ज्यादा कुख्यात शॉर्प शूटर शामिल हैं. ये शार्प शूटर देश भर में फैले हुए हैं और डरा-धमकाकर गैंग के लिए वसूली करते हैं. स्पेशल सेल के इंस्पेक्टर आदित्य ने जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई और उसके खास गुर्गे नरेश शेट्टी, संपत नेहरा से करीब एक महीने तक पूछताछ की थी. तब पता चला था कि लॉरेंस के गैंग में 600 शार्प शूटर हैं. इन्हें भरपूर फंडिंग मिलती है. ऐशो आराम की जिंदगी मिल रही है और टारगेट भी मिल रहे हैं.
सलमान खान भी रहे हैं उसके निशाने पर
सूत्रों के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई के निशाने पर बॉलीवुड स्टार सलमान खान भी रहे हैं. लॉरेंस बिश्नोई ने एक बार फ़िल्म रेडी की शूटिंग के दौरान अपने गुर्गों के जरिये सलमान पर हमले पर प्लान बनाया था, लेकिन मनमाफिक हथियार न मिलने से ये प्लान फेल हो गया. बिश्नोई ने अपने खास नरेश शेट्टी को सलमान खान पर हमले का जिम्मा सौंपा था. झज्जर के रहने वाले गैंगस्टर नरेश शेट्टी ने 2020 के जनवरी महीने में भी पूरा एक महीना मुंबई में रुककर कई बार सलमान खान के घर की रेकी की. लेकिन वह अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो पाया.
प्रोटेक्शन मनी, फिरौती, वसूली मुख्य काम
नरेश शेट्टी को गैंगस्टर काला जठेड़ी का गुरु बताया जाता है. कहा जाता है कि शेट्टी ने ही काला जठेड़ी को जुर्म की दुनिया के गुर सिखाए. लॉरेंस बिश्नोई को इस मुकाम तक लाने में जग्गू, नरेश शेट्टी, संपत नेहरा और मर चुके गैंगस्टर सुक्खा का हाथ माना जाता है. स्पेशल सेल के अधिकारियों की मानें तो ट्रैवल एजेंट, अस्पताल मालिक, डायमंड कारोबारी, गुटखा कारोबारी, अफीम कारोबारी, शराब कारोबारी, रेस्टोरेंट मालिक आदि बिश्नोई गैंग के निशाने पर रहते हैं. इनसे वो प्रोटेक्शन मनी, अवैध वसूली, फिरौती की मांग की जाती है.
पंजाब के कई सिंगरों को दी है धमकी
लॉरेंस बिश्नोई के निशाने पर सलमान खान और मूसेवाला ही नहीं, पंजाब के चार मशहूर पंजाबी सिंगर रहे हैं. सुरक्षा कारणों से हम उनके नामों का खुलासा नहीं कर रहे हैं. लॉरेंस पंजाब में अपना सिक्का जमाना चाहता है, इसीलिए वो चाहता है कि ये सिंगर उसके मन मुताबिक काम करें. प्रोटक्शन मनी पहुंचाएं. लेकिन शायद उसकी धमकियों को तवज्जो नहीं मिली, इसलिए वो इनकी जान का दुश्मन बना हुआ है.






