सहारनपुर के कुतुबशेर थाना पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो अपनी पत्नी के जरिए लोगों को हनीट्रैप में फंसाता था। आरोपित अपनी पत्नी से पहले फेसबुक पर वीआइपी परिवारों के युवकों से दोस्ती कराता था। इसके बाद वीडियो काल करके उनकी अश्लील वीडियो बनवा लेता था। बाद में उन्हें ब्लैकमेल करके मोटी रकम वसूलता था। पुलिस ने आरोपित से 30 हजार रुपये भी बरामद किए है। यह रकम एक युवक से हाल ही में वसूले गए थे।
युवक ने दर्ज कराया था केस
सहारनपुर में एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि कुतुबशेर थानाक्षेत्र के एक मोहल्ले के रहने वाले युवक ने हाल ही में एक मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें उसने बताया था कि एक महिला उसे ब्लैकमेल कर रही है। युवक बेहद अच्छे परिवार से हैं। उसने पुलिस से अनुरोध किया था कि उसका नाम सार्वजनिक न हो। जिसके बाद पुलिस ने जाल बिछाया और कहा कि वह उसे शुक्रवार को ब्लैकमेल करने वाले युवक को वह रकम देने का वादा करें। जिसके बाद युवक ने ऐसा ही किया।
ऐसे जाल में फंसा आरोपित
युवक को मानकमऊ गांव के समीप बुलाया गया। आरोपित ने युवक से 30 हजार रुपये मांगे हुए थे। जिसके बाद सादे कपड़ों में पुलिस रुपये देने वाले युवक के आसपास लग गई। जैसे ही युवक ने आरोपित को रकम दी तो पुलिस ने उसी समय उसे पकड़ लिया। आरोपित ने पूछताछ में अपना नाम शहजादा उर्फ सैफ अली कुरैशी निवासी अंबाला-गंगोह रोड मानकमऊ बताया। पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह अपनी पत्नी के जरिए लोगों को फंसाता है और उसके बाद ब्लैकमेल करता है। आरोपित को शनिवार को जेल भेजा जाएगा।
ऐसे फंसाती थी आरोपित पत्नी
आरोपित शहजादा की पत्नी पुलिस पकड़ से दूर है। मुकदमे में उसे भी आरोपित बनाया गया है। शहजादा ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसकी पत्नी प्रोफाइल चेक करने के बाद फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजती थी। इसके बाद वह मैसेंजर पर बात करती थी। बाद में अपना वाट्सएप नंबर दे देती थी। यह सिलसिला एक माह से अधिक समय चलता था। इसके बाद वह नग्न अवस्था में वीडियो काल करती थी और सामने वाले की वीडियो दूसरे फोन से बना लेती थी। इसके बाद शुरू होता था ब्लैकमेल का सिलसिला





