देश की राजधानी दिल्ली के ज्योति नगर में लव जिहाद का मामला सामने आया है। पहले से शादीशुदा इरशाद अली खान को कथित तौर हिंदू गुड्डू चौधरी बनकर एक महिला का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में अरेस्ट कर जेल भेज दिया गया है।
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के ज्योति नगर में लव जिहाद का मामला सामने आया है। पहले से शादीशुदा इरशाद अली खान को कथित तौर हिंदू गुड्डू चौधरी बनकर एक महिला का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में अरेस्ट कर जेल भेज दिया गया है।
पहले से दो बच्चों का पिता था आरोपी इरशाद
पुलिस के अनुसार, आरोपी इरशाद अली खान 2011 में महिला के संपर्क में आने के बाद अपना नाम गुड्डू चौधरी बताया था। पेशे से वकील इरशाद गुड्डू बनकर पीड़िता से दोस्ती की थी। उसने 11 साल पहले पीड़िता से दोस्ती करने का प्रयास करते हुए अपनी बांह पर ‘मां शेरावाली’ का टैटू बनवाकर खुद को हिंदू बताया था। इरशाद अली खान उर्फ गुड्डू चौधरी दिल्ली ने साल 2015 में खुद को हिंदू बताकर महिला से शादी कर ली। हालांकि, शादी के बाद पीड़िता को आरोपी की असली पहचान का पता चला जो पहले से शादीशुदा था। उसके दो बच्चे भी थे।
घर में कैद कर रखा
पुलिस ने कहा कि जब महिला ने इस बात का विरोध किया और शादी तोड़ने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसका उत्पीड़न करते हुए पिटाई की। अन्य तरीकों से प्रताड़ित किया। महिला को कड़ी निगरानी में घर की चारदीवारी के भीतर बंदी बनाकर रखा गया। शायद ही कभी बाहर जाने दिया गया। महिला की सहमति के बिना कई बार उसका यौन उत्पीड़न भी किया गया। अप्राकृतिक यौन संबंध भी बनाये गये।महिला की मेडिकल जांच के बाद उसके शरीर पर कई चोटें पाई गईं। एक प्रोफेशनल काउंसलर ने उनकी काउंसलिंग भी की थी। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर पुलिस स्टेशन में पीड़िता की कंपलेन के बाद आठ सितंबर को आईपीसी की सेक्शन 323, 341, 342, 354डी, 376, 377, 493, 495 और 506 के तहत FIR दर्ज किया था।
एडवोकेट होने का फायदा उठाने की कोशिश
डीसीपी (नॉर्थ-ईस्ट) संजय सेन ने कहा कि आरोपी ने पीड़िता को भोपाल में कड़ी निगरानी में रखा था। पूछताछ में सहयोग नहीं मिला। पीड़िता ने परसों जब थाने में शिकायत की तो रेप व अन्य अपराधों का मामला दर्ज किया गया। आरोपी ने दबाव के हथकंडे अपनाकर अपने एडवोकेट होने का फायदा उठाने की कोशिश की। पुलिस ने बार एसोसिएशन को भरोसे में लेकर सभी तथ्य बताये। पुलिस का कहना है कि आरोपी इरशाद अली खान के खिलाफ और भी कई आपराधिक मामले पाये गये हैं। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जब भी उसने पुलिस से उत्पीड़न की शिकायत करने की कोशिश की तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इरशाद उसे हर बार धमकी देता था कि वह पेशे से वकील है।जानता है कि कानून का फायदा कैसे उठाना है।कोई भी उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर सकता।
घनी मुस्लिम आबादी वाले एरिया में छुपाकर रखा
पुलिस ने कहा कि साल 2021 में इरशाद ने उसके कड़े विरोध पर उसे अपने एक रिश्तेदार के यहां भोपाल शिफ्ट कर दिया। उसे जानबूझकर घनी मुस्लिम आबादी वाले एरिया में एक घर में रखा गया ताकि उसकी कैद से छुटकारा न मिल सके। पीड़िता ने कहा कि आरोपी ने हर जगह उसका नाम बदनाम किया ताकि उसे उसके परिवार से किसी भी तरह का सहयोग न मिले। महिला ने यह भी कहा कि इरशाद ने बेल मिलने पर उसे जान से मारने की धमकी दी है।
महिला को नमाज पढ़ने को करता था मजबूर
महिला ने कहा कि उसने कई बार मुझे यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। नमाज अदा करने के लिए भी कहा। मेरे शरीर पर कई चोटें हैं। वह कई सालों से ऐसा कर रहा था। कोई मेरी मदद के लिए नहीं आया। उसने मेरे परिवार और समाज में हर जगह मेरा नाम बदनाम किया ताकि कोई मेरी मदद के लिए आगे न आ सके। उसे अरेस्ट कर लिया गया है, लेकिन वह मुझे धमकी दे रहा है कि उसे तीन दिनों में रिहा कर दिया जायेगा। मुझे विश्वास है कि वह मुझे मार डालेगा। कृपया मेरी सुरक्षा सुनिश्चित करें। कृपया उसे बेल न दें।






