बिहार की यूनिवर्सिटी का कारनामा, PM मोदी और राज्यपाल फागू चौहान को बनाया BA का स्टूडेंट, एडमिट कार्ड वायरल
बिहार के विश्वविद्यालयों के कारनामे अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। कभी यहां 100 नंबर की परीक्षा में 151 अंक दे दिया जाता है तो कभी हीरो-हीरोईन के साथ-साथ देश के नेताओं की तस्वीरें एडमिट कार्ड पर छप जाती हैं। अब ऐसा ही एक और नया मामला सामने आया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के राज्यपाल फागू चौहान की तस्वीर लगी बीए पार्ट-3 की परीक्षा का एडमिट कार्ड इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल हो रहा एडमिट कार्ड बिहार के एक विश्वविद्यालय का है। जिसमें गुड़िया कुमारी नाम की छात्रा के एडमिट कार्ड में पीएम मोदी की तस्वीर तो रवीश कुमार शानू नामक छात्र के एडमिट कार्ड में राज्यपाल फागू चौहान की तस्वीर लगी है। दोनों एडमिट कार्डों के वायरल होने पर संबंधित विश्वविद्यालय की खूब किरकिरी हो रही है।

रजिस्ट्रार बोले- छात्रों की गलती, विवि करेगा कार्रवाई
मामले में विवि के रजिस्ट्रार डॉ. मुश्ताक अहमद ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। हालांकि रजिस्ट्रार ने कहा कि इसमें दोष छात्रों का ही है। उन्होंने कहा कि छात्रों को एक आईडी मिली है, जिसके माध्यम से उन्हें अपने डॉक्यूमेंट्स अपलोड करने होते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा छात्रों की आईडी से ही हुआ है।
यदि गलती से यह घटना हुई होती है तो छात्रों को विवि में इसकी शिकायत करनी चाहिए थी। लेकिन उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीर वायरल कर विवि को बदनाम किया है। ऐसे में विवि इन छात्रों पर कार्रवाई करेगा। वीसी ने इसका आदेश दे दिया है।






