गांव सामरिया की रहने वाली 19 वर्षीय युवती के साथ इंदौर में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपित के पोल्ट्री फार्म हाउस पर युवती मजदूरी का काम करती थी। आरोपित मजदूरी करवाने का बहाना बनाकर युवती को अपने साथ जबर्दस्ती इंदौर ले गया, जहां तीन दिन तक बंधक बनाकर उससे दुष्कर्म किया। युवती आदिवासी समाज की होने की सूचना पर हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी थाने पहुंचे वकार्रवाई के साथ आरोपित को गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस ने दुष्कर्म सहित विभिन्ना धाराओं में प्रकरण दर्ज कर शुक्रवार सुबह आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी जयराज सोलंकी ने बताया कि युवती व उसके परिवार के लोग आरोपित साबिर के सादलपुर के पास मुसावदा स्थित पोल्ट्री फार्म में मजदूरी का काम करते हैं। साबिर 13 जून को पीड़िता को बरखेड़ा रोड पर मिला तथा बोला कि तेरा भाई अकेला घर पर मजदूरी कर रहा है, तू भी साथ चल। तुम्हारे परिवार को बाद में फोन कर मजदूरी का बता दूंगा। पीड़िता ने इस बात का विरोध किया तो आरोपित जबर्दस्ती युवती को कार में बैठाकर इंदौर ले गया। जहां युवती के साथ तीन दिन तक दुष्कर्म किया।
महिलाओं की मदद से पीड़िता पहुंचीं धार
साबिर 16 जून की सुबह 10 बजे बाजार गया तो पीड़िता ने कमरे की खिड़की से रोड पर जा रही दो महिलाओं को आवाज लगाकर दरवाजा खुलवाया। इन महिलाओं ने ही पीड़िता को धार जाने वाली बस में बैठाया। इसके बाद युवती गुरुवार दोपहर धार पहुंची व स्वजन को फोन पर सूचना दी। ऐसे में स्वजन गांव से धार आए व पीड़िता को घर लेकर गए। नालछा थाने पर पुलिस ने गुरुवार रात पीड़िता के बयान दर्ज किए। इसमें उसने दुष्कर्म की बात बताई। पुलिस ने अपहरण, दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। टीआइ सोलंकी के अनुसार पीड़िता के बताए अनुसार पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।






