‘अनीश-सानिया खान लड़कियों का धर्मांतरण कर रहे हैं’: MP में मोहित पटवा ने वीडियो बनाकर लगाई फाँसी, कहा- ‘लव जिहाद’ का खुलासा करने पर दी गई झूठे मुकदमे में फँसाने की धमकी
मध्य प्रदेश के सागर जिले के मालथौन में मोहित पटवा नामक एक शख्स ने लव जिहाद का खुलासा करने के बाद झूठे मुकदमें में फँसाने की धमकाने दिए जाने से परेशान होकर आत्महत्या कर ली है। अपने घर में फाँसी लगाने से पहले मृतक ने एक वीडियो बनाया जिसमें उसने 3 लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, मालथौन वार्ड क्रमांक 4 का निवासी मोहित पटवा घटना के समय घर में अकेला था। पुलिस को सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुँचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। मोहित के पिता और भाई काम करने के लिए मुंबई गए हुए हैं।
मौत से पहले मोहित ने दो वीडियो रिकॉर्ड किए है। वीडियो में उन्होंने अनीश खान और सानिया खान हिंदू युवतियों को मुस्लिम युवकों के पास भेजकर धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया हैं। साथ ही, रश्मि नामक एक महिला पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है।
मोहित ने वीडियो में कहा कि उसने लव जिहाद के इस रैकेट के खिलाफ आवाज उठाई, जिसके बाद तीनों आरोपितों ने उसे झूठे मामलों में फँसाने और धमकाने की कोशिश की। वीडियो में मोहित ने आरोप लगाया कि आरोपितों का पुलिस से संपर्क है और हिंदू संगठन भी उन्हें कुछ नहीं कर सकते। मोहित ने वीडियो में कहा कि अनीश ने रश्मि को फँसाया हुआ था और उसके साथ बलात्कार करता था।
पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और वीडियो की पुष्टि ASI अरुण ने की है। घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जाँच में तेजी ला रहे हैं। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और सभी पहलुओं की पड़ताल कर आरोपितों की भूमिका की जाँच कर रही है।






