Operation Asmita
एक महिला चिकित्सक ने मतांतरण गिरोह का खुलासा किया है। जयपुर के जुनैद कुरैशी ने धोखे से उसका मतांतरण कराके दिल्ली में निकाह किया और शारीरिक शोषण किया। पीड़िता ने पुलिस को आपबीती बताई। अलीगढ़ की एक युवती भी गिरोह के जाल में फंसने से बच गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हरियाणा के झज्जर की रहने वाली महिला चिकित्सक के बयान में मतांतरण गिरोह का एक और चेहरा सामने आया है। जयपुर के रहने वाले गिरोह के सदस्य जुनैद कुरैशी ने महिला चिकित्सक का धोखे से मतांतरण कराके दिल्ली में निकाह पढ़वा दिया गया। जिसके बाद जबरन शारीरिक शोषण किया गया।
आरोपित जुनैद उसके पीछे पड़ा था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के बाद महिला चिकित्सक का उससे पीछा छूट सका है। पुलिस मंगलवार को महिला चिकित्सक के बयान न्यायालय में दर्ज कराएगी।
झज्जर की रहने वाली 25 वर्षीय युवती ने ओडिशा से होम्योपैथी चिकित्सक की पढाई की है। वर्ष 2023 में पढाई के साथ नौकरी करना चाहती थी। डाटा साइंटिस्ट के लिए क्या कोर्स करना होगा, ऑनलाइन सर्च करने के दौरान गोवा की आयशा के संपर्क में आई।
झज्जर की रहने वाली महिला चिकित्सक का आयशा ने कराया था संपर्क
आयशा ने उसका परिचय जयपुर के जुनैद से उसका परिचय कराया। उसे बताया कि जुनैद इस काम में उसकी मदद करेगा। आयशा ने जुनैद और महिला चिकित्सक का एक ग्रुप बना दिया। जुनैद ने उसके ब्रेनवाश का प्रयास किया। महिला चिकित्सक ने श्रीमद भगवद गीता पढ़ी थी। वह अपने धर्म के प्रति समर्पित थी। जिसके चलते जुनैद उसका ब्रेनवाश नहीं कर सका। जुनैद इसके बाद भी उसके संपर्क में रहा।
जयपुर के जुनैद कुरैशी ने धोखे से दिल्ली में मतांतरण के बाद किया था निकाह
महिला चिकित्सक ने पुलिस को आपबीती बताते हुए कहा कि वर्ष 2023 में पढाई पूरी करने के बाद इंटर्नशिप के लिए झज्जर लौट लौट रही थी। इसकी जानकारी होने पर जुनैद ने उससे मिलने के लिए कहा। महिला चिकित्सक से दिल्ली में मिला। बहाने से काजी के घर ले गया, वहां धोखे से उसका मतांतरण करा दिया। दोनों पांच मिनट बाद काजी के घर पर रुके थे।
बाहर निकलने पर जुनैद कुरैशी ने महिला चिकित्सक को बताया कि दोनों का निकाह हो गया है। अब वह उसकी बीवी बन गई है। काजी के सामने उसने हां बोला था। यह सुनकर वह स्तब्ध रह गई।
जुनैद कुरैशी ने बदनाम करने की दी धमकी
आरोप है कि जुनैद कुरैशी ने बदनाम करने की धमकी देकर उस पर मिलने का दबाव बनाने लगा। ब्लैकमेल करके उसका शारीरिक शोषण किया। जिसके बाद भी उसे परेशान कर रहा था। जिससे वह तनाव में थी। उसके चंगुल से निकलने का प्रयास कर रही थी। आगरा पुलिस ने जुनैद कुरैशी की गिरफ्तारी के बाद उससे संपर्क किया तो खुश हो गई। महिला चिकित्सक पिता के साथ आगरा आई है।
आरोपित काे दे दो, गोली मारकर जेल चला जाऊंगा
चिकित्सक बेटी के शारीरिक शोषण की जानकारी पिता को नहीं थी। पुलिस को अपनी आपबीती बताने पर पिता को पता चला तो वह आक्रोशित थे।पिता का कहना था कि आरोपित को मुझे दे दो, गोली मारकर जेल चला जाऊंगा। पिता ने पुलिस को बताया कि वह 20 मजदूरी करते हैं। जिससे 20 हजार रुपये मिलते हैं। इसमें 10 हजार रुपये बेटी को भेजते थे, जिससे कि उसकी मेडिकल की पढ़ाई में कोई बाधा नहीं आए। बेटी कुछ महीने से परेशान थी।
कई बार पूछा, लेकिन उन्हें नहीं बताती थी। वह आरोपित को कठोर सजा दिलाना चाहते हैं। पीड़ित मेडिकल छात्रा के बयान के आधार पर पुलिस जुनैद कुरैशी के विरुद्ध मुकदमे में दुष्कर्म की धारा बढ़ा सकती है। जिसमें आयशा को भी दुष्कर्म के मामले में आपराधिक षड्यंत्र का आरोपित बनाया जाएगा।
कलमा पढने के बाद गिरोह के जाल में फंसने से बच गई अलीगढ़ की युवती
अलीगढ़ के बन्ना देवी थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती भी कलमा पढ़ने के बाद गिरोह के जाल में फंसने से बच गई।अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से एमएससी कर चुकी युवती एक कोचिंग में पढ़ाती है। युवती वर्ष 2013 में नीट की तैयारी कर रही थी। पुलिस को बताया कि इस दौरान उसे पढ़ाने वाले छात्र ने कलमा पढ़वा दिया।
उसे रिवर्ट मुस्लिम ग्रुप से भी जोड़ा गया था। उसे मतांतरण की ओर अग्रसर किया जा रहा था। मगर, वह इस जाल में नहीं फंसी। काउंसलिंग के दौरान अलीगढ़ और झज्जर की युवतियों का कहना था कि परिवार के समर्थन के चलते मतांतरण गिरोह के जाल में फंसने से बच गईं।
इंस्टा के रिवर्ट ग्रुप पर 20 युवतियों के नाम सामने आए
मतांतरण गिरोह द्वारा इंस्टा पर बनाए गए रिवर्ट मुस्लिम ग्रुप से जुड़ी 20 और युवतियों के नाम पुलिस के सामने आए हैं। यह लड़कियां हरियाणा, उत्तराखंड, अलीगढ, दिल्ली एवं असम समेत अन्य राज्यों की हैं। पुलिस युवतियों को पूछताछ के लिए बुलाएगी। उनके परिवार से भी संपर्क करेगी। आशंका है कि हरियाणा की मेडिकल छात्रा और अलीगढ़ की एमएससी कर चुकी युवती की तरह रिवर्ट ग्रुप से जुड़ी अन्य युवतियों को भी कलमा पढ़वाने के बाद मतांतरण की ओर अग्रसर किया गया है।
युवतियों के परिवारवालों को नहीं है जानकारी
संभवत: युवतियों के परिवार वालों को इसकी जानकारी नहीं है।पुलिस इन सभी के नाम समेत अन्य जानकारी खंगाल रही है। जिससे कि समय रहते इन युवतियों की काउंसलिंग कराके मतांतरण से बचाया जा सके। आरोपित लूडो स्टार गेम खेलने वाले युवक-युवतियों को भी जाल में फंसा लेते थे। बातचीत होने पर टेलीग्राम एप पर बात करते थे।






