उदयपुर के सवीना थाना इलाके में हनी ट्रेप का एक सनसनी खेज मामला सामने आया है. जिसमें एक युवती अपने तीन अन्य साथियों के मिल कर एक युवक को ब्लैकमेल करने का प्रयास किया. पीड़ित युवक से रुपए भी वसूले. लेकिन जब इनका लालच बढ़ने लगा तो पीड़ित ने युवती और उसके साथियों के खिलाफ सवीना थाने में प्रकरण दर्ज करवाया. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं, महिला अभी भी फ़रार है. जिसकी पुलिस तलाश कर रही है.
मामले का खुलासा करते हुए सवीना थानाधिकारी रवीन्द्र चारण ने बताया कि पीड़ित युवक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि एक युवती ने सोशल मीडिया के माध्यम से उससे नजदीकियां बढाई. इसके बाद उसने दुकान और घर पर आना जाना शुरू कर दिया. दोनों के बीच बढ़े मेल मिलाप के बाद युवती ने पीड़ित के साथ शारीरिक संबंध बनाए. जिसका उसके साथियों ने वीडियो बना दिया. इसके बाद युवती और उसके साथियों ने उसे रेप के झूठे केस में फंसाने और वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकियां देकर ब्लैकमेल करने शुरू कर दिया. पीड़ित युवक ने उन्हें अलग अलग समय पर करीब 65 हजार रुपए भी दिए. लेकिन युवती और उसके साथियों का लालच बढ़ने लगा. उन्होंने पीड़ित युवक से 12 लाख रुपयों की डिमांड की. जब उसने इतनी बड़ी रकम देने से मना कर दिया तो उन्होंने रेप का मुकदमा दर्ज करवाने की धमकी दी. जिससे परेशान होकर युवक ने सवीना थाना में मामला दर्ज करवाया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्यवाही की. पुलिस ने अपनी कार्यवाही में युवती के साथी विजय कुमार वैष्णव, हेमंत सालवी और अरविंद सिंह को गिरफ्तार किया. जानकारी के अनुसार विजय और अरविंद फोटोग्राफी का काम करते हैं. वही हेमंत सालवी लाइट का काम करता है. ये तीनों उदयपुर के ही रहने वाले हैं. इन तीनों आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेगी.
वहीं इस मामले में शामिल महिला अभी पुलिस की पकड़ से दूर है. जिसकी पुलिस तलाश कर रही है. पुलिस ये भी जांच कर रही है कि इन आरोपियों पर पूर्व में भी कोई मुकदमे दर्ज तो नहीं हैं. साथ ही पुलिस का कहना है कि यह पूरी गैंग है, जो इस तरह भोले भाले पुरूषों को फंसा कर उनसे पैसों की मांग करता है. ऐसे में इन्होंने और भी किसी को ब्लैकमेल किया हो तो उसकी भी जांच की जाएगी.






