सोशल मीडिया पर वायरल एक खबर में दावा किया जा रहा है बिहार स्वास्थ्य विभाग ने पोल्ट्री मुर्गे में कोरोना वायरस की पुष्टि की है। आगे किए गए दावे के मुताबिक, आम नागरिकों से पोल्ट्री उत्पाद नहीं खाने की अपील भी गई है। इसके साथ यह भी दावा किया जा रहा है कि मुर्गा खाने से बिहार में एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत हो गई है। इस खबर के साथ दैनिक जागरण न्यूज पेपर के नाम का इस्तेमाल किया जा रहा है। विश्वास न्यूज की पड़ताल में यह दावा गलत निकला है। बिहार स्वास्थ्य विभाग ने न तो पोल्ट्री उत्पादों में कोरोना वायरस की पुष्टि की है और न ही इससे दूरी बनाने को कहा है। दैनिक जागरण के नाम का गलत इस्तेमाल कर फर्जी न्यूज वायरल की जा रही है। मुर्गा खाने से लोगों की मौत जैसी भी कोई घटना बिहार में नहीं हुई है।
क्या हो रहा है वायरल

कीवर्ड्स से सर्च करने पर हमें यह दावा फेसबुक पर भी वायरल मिला। फेसबुक यूजर Sarpanch Manoj Kushwaha ने 10 मई 2021 को इस कथित खबर के स्क्रीशॉट को पोस्ट कर लिखा है, ‘मुर्गा खाने से एक ही परिवार के 7 लोगों का मृत्यु।’
इस पोस्ट के आर्काइव्ड वर्जन को यहां क्लिक कर देखा जा सकता है।
पड़ताल
हमने सबसे पहले यह जानना चाहा कि क्या बिहार में मुर्गा खाने से एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत हुई है या नहीं। हमें इंटरनेट पर सर्च के बाद ऐसी कोई प्रामाणिक मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली, जो इस दावे की पुष्टि करती हो। बिहार में पोल्ट्री प्रोडक्ट में कोरोना वायरस मिलने के दावे जैसा ही एक दावा पहले भी वायरल हो चुका है। उस समय भी दैनिक जागरण के नाम पर ही इस दावे को वायरल किया जा रहा था। इस बार के दावे में मुर्गा खाने से मौत की बात सिर्फ अलग से जोड़ी गई है।
विश्वास न्यूज ने तब इस वायरल दावे की पड़ताल की थी। वायरल खबर में कई अशुद्धियां हैं और इसका फॉन्ट भी दैनिक जागरण अखबार के फॉन्ट से मेल नहीं खाता है। तब दैनिक जागरण पटना के संपादक ने भी पुष्टि करते हुए बताया था कि ऐसी कोई खबर दैनिक जागरण में प्रकाशित नहीं हुई है । किसी ने दैनिक जागरण के नाम का दुरुपयोग किया है। विश्वास न्यूज द्वारा तब किए गए फैक्ट चेक को यहां क्लिक कर देखा जा सकता है।
इस वायरल दावे के संबंध में बिहार स्वास्थ्य विभाग के डिजीज कंट्रोल, पब्लिक हेल्थ, पैरामेडिकल के डायरेक्टर इन चीफ डॉक्टर नवीन चंद्र प्रसाद से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि बिहार के स्वास्थ्य विभाग ने ऐसी कोई अपील जारी नहीं की है। विश्वास न्यूज ने इस संबंध में बिहार के स्टेट वेटरनरी ऑफिसर डॉक्टर अनूप अग्रवाल से भी बात की। उन्होंने भी बताया कि अबतक पोल्ट्री उत्पादों में कोरोना संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है।
इस खबर को दैनिक जागरण के पटना डिजिटल हेड अमित आलोक के साथ भी साझा किया। उन्होंने भी इसे फर्जी बताया।
इस वायरल दावे को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर Sarpanch Manoj Kushwaha की प्रोफाइल को स्कैन किया। यूजर ने अपनी जानकारियों को पब्लिक नहीं कर रखा है।
निष्कर्ष:
पड़ताल में बिहार के पोल्ट्री उत्पादों में कोरोना वायरस पाए जाने का दावा गलत निकला है। बिहार स्वास्थ्य विभाग ने न तो पोल्ट्री उत्पादों में कोरोना वायरस की पुष्टि की है और न ही इससे दूरी बनाने को कहा है। दैनिक जागरण के नाम का गलत इस्तेमाल कर फर्जी न्यूज वायरल की जा रही है। मुर्गा खाने से लोगों की मौत जैसी भी कोई घटना बिहार में नहीं हुई है।





