Saturday, May 2, 2026
Uncategorized

सट्टे को लेकर फायरिंग,बदमाशों के घर टूटे

रतलाम। शहर में सट्टा पूरी तरह बंद होने के पुलिस के दावों के बीच अब सट्टे के संचालन में रंगदारी को लेकर बदमाश खुलेआम फायरिंग कर रहे हैं। शुक्रवार शाम करीब 5ः10 बजे माणक चौक थाना क्षेत्र के भाटो का वास क्षेत्र में नमकीन की दुकान (हाथ ठेला) पर दो साथियों के साथ बाइक पर आये एक बदमाश ने पिस्टल से दनादन तीन फायर कर दिए। गोली कांच के शोकेस पर लगने से दुकानदार व एक अन्य साथी बाल-बाल बच गए। घटना के बाद एसपी गौरव तिवारी ने प्रशासन व निगम अमले को साथ लेकर मुख्य आरोपित अकबर का मान व अन्य पांच लोगों के अवैध निर्माण तुड़वा दिए। रात करीब एक बजे तक कार्रवाई चलती रही।

क्षेत्रवासियों के अनुसार शुक्रवार शाम करीब सवा पांच बजे भाटों का वास में दुकानदार सोहनलाल राठौड़ घर के सामने लगे नमकीन बेचने के ठेले (दुकान) पर बैठा हुआ था। पास में उनकी मां पमीताबाई खड़ी थी। तभी बाइक पर आरोपित अकबर हुसैन, गोलू साल्वी व अफसार वहां पहुंचे। एक आरोपित के हाथ में पिस्टल व दूसरे के हाथ में तलवार थी। दूर से ही आरोपित अकबर ने दुकान पर फायर किया। गोली कांच के शोकेस पर लगी। इसके बाद उसने दो फायर और किए। एक गोली युवक के पैर के पास लगी।आरोपितों के भागने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर एसपी गौरव तिवारी, सीएसपी हेमंत चौहान, माणक चौक टीआइ दिलीप राजोरिया, स्टेशन रोड टीआइ किशोर पाटन वाला व अन्य मौके पर पहुंचे व लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली। एसपी ने कार्य में लापरवाही बरते पर माणकचौक टीआइ दिलीप राजोरिया, बीट प्रभारी (एसआइ) निशा चौबे व एएसआइ दिनेश मावी को निलंबित कर दिया है।

रात में जेसीबी से लेकर मकान तोड़ने पहुंचा दल
घटना के तीन घंटे बाद करीब आठ बजे प्रशासन व पुलिस का दल जेसीबी लेकर हाट रोड गली नंबर एक पर स्थित मुख्य आरोपित अकबर हुसैन के मकान पर पहुंचा। करीब एक घंटे में आरोपित का मकान जेसीबी से तोड़ दिया गया। अकबर ने कुछ समय पहले ही यह मकान खरीदा था। वहीं जिस दुकानदार पर गोली चलाई गई थी, उसका ठेला व मकान भी तोड़ा गया। इसके बाद मोमिनपुरा में पूर्व पार्षद नासिर कुरैशी के भाई एजाज कुरैशी के मकान का अगला हिस्सा, फजलू व द्द्‌दू के मकान में अनुमति विपरीत निर्माण तोड़े गए। इस दौरान तहसीलदार गोपाल सोनी, निगम कार्यपालन यंत्री जीके जायसवाल सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

नाराज क्षेत्रवासी बोले, सट्टा गली का बोर्ड लगा देते हैं
क्षेत्र के लोगों में घटना को लेकर आक्रोश देखा गया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को बताया कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सट्टा होता है। बाहर के लोग भी आकर सट्टा करते हैं। इस कारण यहां आए दिन विवाद होते हैं। दो दिन पहले भी विवाद हुआ था, लेकिन पुलिस ने सख्त कार्रवाई नहीं की। इसी कारण आज यहां गोलियां चली है। रात तक क्षेत्र में सट्टा करने वालों की भीड़ लगी रहती है। ऐसा लगता है कि बोर्ड लगाकर इस गली का नाम सट्टा गली रख दिया जाए। अगर 24 घंटे में कार्रवाई नहीं की गई और क्षेत्र में सट्टा बंद नहीं हुआ तो आंदोलन करेंगे।

तीन दिन पहले हुए विवाद को पुलिस गंभीरता से नहीं लिया
सोहनलाल उर्फ दादू पुत्र प्रहलाद राठौर निवासी भाटों का वास 18 जनवरी की रात साढ़े आठ बजे अपने घर के सामने हाथ ठेले पर नमकीन की दुकान पर भाई राम के साथ बैठा था। तब घर के सामने आकर आरोपित अकबर ने सोहनलाल से कहा था कि वह क्षेत्र का दादा है। तू सट्टा बहुत करता है। हफ्ते के रुपये देने होंगे। सोहनलाल ने कहा था कि वह सट्टा नहीं करता है, किस बात के रुपये दे। तब अकबर ने गाली गलौच करते हुए चाकू की मूठ से काउंटर का कांच तोड़कर नमकीन की बर्निया तोड़़ दी थी। राम रोकने गया तो दोनों भाइयों से मारपीट की थी। अकबर के खिलाफ पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया था। इसके बाद आरोपित ने शुक्रवार को फायरिंग कर दी।
वर्जन
आरोपित अकबर हुसैन, गोलू साल्वी व अफसार के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। लापरवाही बरतने पर माणकचौक टीअआइ व बीट प्रभारी सहित तीन अधिकारियों को निलंबित किया गया है। आरोपितों की तलाश जारी है। सट्टा व जुआ सहित अन्य अपराधों में लिप्त आदतन अपराधियों की संपत्ति का पता लगाकर अवैध निर्माण तोड़े जाएंगे। – गौरव तिवारी, एसपी

Leave a Reply