Thursday, May 7, 2026
Uncategorized

आईएएस अधिकारी से 150 करोड़ की संपत्ति बरामद,17 करोड़ नकद,मुख्यमंत्री की खास

Pooja Singhal IAS Jharkhand बहुचर्चित मनरेगा घोटाले की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने मनरेगा घोटाले के वक्त खूंटी की तत्कालीन उपायुक्त सह वर्तमान में झारखंड सरकार की खान एवं उद्योग विभाग की सचिव आइएएस अधिकारी अधिकारी पूजा सिंघल व उनके सहयोगियों से जुड़े पांच राज्यों के 25 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। ईडी सूत्रों के अनुसार इस छापेमारी में शुक्रवार की शाम तक 17 करोड़ रुपये नकदी समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं, जिसकी समीक्षा की जाएगी। इधर खदान लीज मामले में मुश्किलों में घिरे झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूजा सिंघल के खिलाफ ईडी की छापेमारी को गीदड़ भभकी बताया है।

प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी में पूजा सिंघल के पास करीब 150 करोड़ की बेहिसाब संपत्ति से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं, जिसकी छानबीन जारी है। ईडी की टीम मनरेगा घोटाले के साथ-साथ पूजा सिंघल के पूरे कार्यकाल की जांच कर रही है, जिसमें कई जिलों के उपायुक्त के कार्यकाल के वक्त के विवादित मामले भी हैं। झारखंड उच्च न्यायालय में दायर शपथ पत्र में ईडी ने इसका जिक्र भी किया था। ईडी की यह छापेमारी सभी 25 ठिकानों पर शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे एक साथ शुरू हुई है। ये ठिकाने झारखंड के रांची, राजस्थान के जयपुर, पश्चिम बंगाल के कोलकाता, बिहार के मुजफ्फरपुर व दिल्ली एनसीआर में हैं।


आज दिनभर पूजा सिंघल IAS के 25 ठिकानों पर ईडी की छापेमारी की चर्चा चलती रही। सीआरपीएफ के जवानों के सुरक्षा घेरे में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों ने झारखंड के सभी ठिकानों पर एक साथ दस्तक दी थी। इस छापेमारी में रांची के धुर्वा स्थित सीआरपीएफ के 133 बटालियन के 36 व महिला बटालियन की 14 महिला सिपाहियों को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया था। सभी सिपाहियों को एक दिन पहले ही यह आदेश दे दिया गया था कि वे सुबह साढ़े चार बजे बटालियन मुख्यालय में रिपोर्ट करें। उन्हें यह जानकारी नहीं दी गई थी कि उन्हें जाना कहां है। सुबह साढ़े चार बजे वे मौके पर तैनात हो गए, इसके बाद ईडी के अधिकारी आए और उन्हें अपनी-अपनी गाड़ी में बैठाकर अलग-अलग ठिकानों के लिए निकल पड़े।

अपार्टमेंट में पहुंचते ही गार्ड को नहीं दिया मालिक से बात करने का मौका
छापेमारी में शामिल ईडी की एक टीम कांके रोड में चांदनी चौक स्थित पंचवटी अपार्टमेंट में सुबह करीब साढ़े छह बजे पहुंची थी। टीम में एक महिला अधिकारी के अलावा चार पुरुष् अधिकारी व सीआरपीएफ के चार जवान भी शामिल थे। पंचवटी अपार्टमेंट में पहुंचते ही सीआरपीएफ का एक जवान वहां के गेट पर तैनात गार्ड के पास खड़ा हो गया। शेष सभी अधिकारी व जवान सीधे नौवीं मंजिल पर स्थित पूजा सिंघल के निजी आवास में गए। तक तक सभी सो रहे थे। ईडी की टीम ने ही फ्लैट नंबर 904 का बेल बजाया, जिसके बाद गेट खुला और गुड मार्निंग के साथ दिन की शुरूआत हुई। उस वक्त उस फ्लैट में एक दंपत्ति, एक बच्ची व एक नौकरानी थी। इस फ्लैट में भी छानबीन के दौरान ईडी को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले, जिसका टीम ने फोटोकापी भी कराया और अपने पास रखा। सुबह में पहुंची टीम ने उसी फ्लैट में बाहर से नाश्ता व खाना मंगवाकर खाया और देर शाम तक सर्च अभियान चलाती रही।

पूजा सिंघल के सरकारी आवास, चार्टर्ड अकाउंटेंट आवास व पल्स अस्पताल में दबिश
ईडी ने पूजा सिंघल के सरकारी आवास, चार्टर्ड अकाउंटेंट के आवास व पूजा सिंघल के पति के पल्स अस्पताल में भी ईडी ने दस्तावेज खंगाला है। अब तक जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार बरामद 17 करोड़ रुपये पूजा सिंघल के चार्टर्ड अकाउेंट के ठिकाने से बरामद हुए हैं। हालांकि, ईडी की अधिकृत पुष्टि के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।

Leave a Reply