रोहतक में एक शर्मनाक घटना सामने आई है। शहर में स्थित एक चर्च के पादरी पर युवती ने संगीन आरोप लगाए हैं। आरोप है कि उपचार के बहाने पादरी ने उसे चर्च में रोका और छत पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। पुलिस के डर से पादरी ने माफी मांगी और यहां तक कि युवती से शादी करने के लिए भी तैयार हो गया। रविवार को दोनों पक्षों के लोग पुलिस चौकी पहुंचे, जहां पर करीब एक घंटे तक चले बातचीत के दौर के बाद उनमें समझौता हो गया।
अर्बन एस्टेट थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 22 वर्षीय युवती करीब ढाई साल से बीमार चल रही है। युवती की बहन ने बताया कि करीब पांच-छह माह से उसका उपचार सिटी थाना क्षेत्र में स्थित एक चर्च में चल रहा था। वहां से उसे कुछ आराम मिला। कुछ दिन पहले चर्च के पादरी ने कहा कि युवती को कुछ दिनों के लिए यहीं पर छोड़ दो। आरोप है कि 27 मई को पादरी उसकी बहन को लेकर चर्च की छत पर चला गया।
जहां कोई नहीं था। वहां पादरी ने युवती के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। इस घटना के बाद युवती ने अपने परिवार के लोगों को फोन पर जानकारी दी, जिसके बाद स्वजन उसे लेकर घर आ गए। पुलिस में शिकायत के डर से पादरी अपनी मां और परिवार के अन्य सदस्यों को लेकर पीड़िता के घर पहुंच गया। वहां पर उसने माफी मांग ली और शादी करने के लिए भी तैयार हो गया।
डायल-112 पर की पीड़िता के स्वजनों ने काल
रविवार को पीड़ित पक्ष ने डायल-112 पर काल कर पूरे मामले की जानकारी दी, जिसके बाद वह सुखपुरा चौकी पर पहुंचे। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस टीम चर्च पर भी पहुंची। कुछ देर बाद पादरी और उसके परिवार के सदस्य भी चौकी पर पहुंच गए। वहां पर पादरी और उसके स्वजनों ने लिखित में माफी मांगी। पादरी ने यह भी आश्वासन दिया कि वह चर्च को छोड़कर चले जाएंगे। माफी मांगने के बाद लोकलाज के डर से पीड़िता के स्वजनों ने भी कानूनी कार्रवाई से मना कर दिया।
—मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस चर्च में पहुंची थी। इस मामले में शिकायतकर्ता पक्ष का आरोपित पक्ष के साथ समझौता हो गया है, जिस कारण उन्होंने कानूनी कार्रवाई से मना कर दिया।
– एएसआइ सन्नी, चाैकी इंचार्ज सुखपुरा






