माँ मरियम तीर्थयात्रा’ के बैनर पर बीवी-बेटी के साथ दिखे तेजस्वी यादव, बोले नेटिजन्स- यह ईसाई धर्मांतरण को बढ़ावा

बिहार के पटना जिले के मोकामा शहर से सामने आई एक तस्वीर ने सियासी हलचल मचा दी है। यह तस्वीर एक बैनर की है जो कैथोलिक चर्च में कथित तीर्थयात्रा ‘माँ मरियम मोकामा तीर्थयात्रा’ से जुड़ी हुई है। इस तस्वीर में बैनर पर बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव भी दिख रहे है, वो भी परिवार के साथ। बैनर पर बड़े-बड़े अक्षरों में ‘माँ मरियम मोकामा तीर्थ यात्रा’ लिखा हुआ है। इसमें तेजस्वी यादव बच्ची को गोद में लिए खड़े हैं और उनके बगल में उनकी पत्नी राजश्री यादव भी हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मोकामा के कैथोलिक चर्च में यह 9 दिवसीय माँ मरियम की मोकामा तीर्थ यात्रा हुई है। चर्च से जुड़े और कुछ अन्य लोग मोकामा का अर्थ कुछ लोग ‘माँ का घर’ से जुड़ा बता कर प्रोपेगैंडा फैलाने की कोशिश कर रहें है। यानी लोगों के बीच यह भ्रम फैलाया जा सके कि यह ‘माँ मरियम’ का ही घर है। इससे पहले बिहार में एक पादरी को भी इसी तरह का दुष्प्रचार करते ऑपइंडिया के कैमरे पर पकड़ा गया था।
जाँच में सामने आया था कि वह लोगों को रामचरितमानस में यीशु के होने की बात कर ग्रामीणों को बरगलाने की कोशिश कर रहा था और ये कह कर धर्मांतरण के लिए दबाव डाल रहा था कि इस पवित्र ग्रंथ में लिखा है कि यीशु अवतार लेंगे और उनके कष्टों को दूर करेंगे।
सोशल मीडिया पर लोगों का कहना है कि बिहार में इन घटनाओं के बीच तेजस्वी यादव की ऐसी तस्वीर सामने आना धर्मांतरण की गतिविधियों को खुलेआम बढ़ावा देना है। बैनर पर उनकी पत्नी होने को लेकर भी कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। बता दें कि तेजस्वी यादव की पत्नी रेवाड़ी के एक ईसाई परिवार से ताल्लुक रखती हैं और राजश्री से पहले उनका नाम ‘रेचल गोडिन्हो’ था।
इस पोस्टर के मामले में ऑपइंडिया ने RJD की प्रवक्ता कंचना यादव से भी संपर्क करने की कोशिश की ताकि इस बारे में विस्तृत जानकारी हासिल की जा सके लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया है। अगर RJD का पक्ष सामने आता है तो इस खबर को अपडेट कर दिया जाएगा।






