Tuesday, April 28, 2026
Uncategorized

भाजपा नेता पर प्राणघातक हमला,2 कार्यकर्ता गम्भीर

विधानसभा में विपक्ष के नेता व भाजपा विधायक सुवेंदु अधिकारी के काफिले पर हमले की वारदात सामने आई है। प्रदेश भाजपा ने आरोप लगाया है कि सुवेंदु के काफिले पर पूर्व मेदिनीपुर जिले के पांसकुड़ा इलाके में रविवार रात किए गए हमले में पार्टी के 10 कार्यकर्ता घायल हो गए। इसमें दो की हालत गंभीर है, जिनका तमलुक अस्पताल में इलाज चल रहा है। हालांकि सुवेंदु को इस हमले में कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

भाजपा ने इस हमले के लिए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के गुंडों को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि तृणमूल ने भाजपा के आरोपों को खारिज किया है। घटना के बारे में बताया जाता है कि पांसकुड़ा इलाके में शनिवार को भाजपा के पूर्व पार्षद सुकुमार भुईयां व अन्य नेताओं पर हमला हुआ था। सुवेंदु पार्टी के घायल नेता को ही देखने उनके घर गए थे।

आरोप है कि घायल नेता से मिलकर जब रविवार देर शाम में सुवेंदु वापस लौट रहे थे तो उसी दौरान चांपाडारी बाजार में पहले से एकत्रित कुछ लोगों के समूह ने उनके काफिले को रोक दिया और गो बैक के नारे लगाने लगे। इसके बाद सुवेंदु के वाहन की तरफ आक्रामक तरीके से वे लोग बढ़ने लगे। इसके बाद सुवेंदु के काफिले में शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया।

आरोप है कि इसके बाद बदमाशों ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया और उनकी जमकर पिटाई की। साथ ही चार बाइक में भी तोड़फोड़ की गई, जो सुवेंदु के काफिले के साथ चल रहे थे। भाजपा का दावा है कि घटना में उसके 10 कार्यकर्ता घायल हो गए। साथ ही आरोप लगाया कि हमला करने वाले लोग तृणमूल के गुंडे थे। इस घटना के विरोध में भाजपा ने सोमवार को पांसकुड़ा इलाके में विरोध प्रदर्शन भी किया।

Leave a Reply