कोलकाता: पश्चिम बंगाल में राजनीतिक रंजिश खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। हाल ही में संपन्न हुए निकाय चुनाव में राज्य से हिंसा की कई खबरें सामने आई थी। वहीं अब पश्चिम बंगाल के राणाघाट से बीजेपी सांसद जगन्नाथ सरकार पर बम से हमला किया गया है। दरअसल यह हमला उस वक्त हुआ जब सांसद ‘कश्मीर फाइल्स’ फिल्म देखकर लौट रहे थे।

अपने ऊपर हुए बम से हमले की जानकारी देते हुए बीजेपी सांसद ने बताया कि, “मैं द कश्मीर फाइल्स फिल्म देख कर लौट रहा था। मेरी कार पर एक बम फेंका गया था, हम इसमें बाल-बाल बच गए। हमने देखने के लिए कार को थोड़ी दूर बाहर निकाला, इस घटना के 10 मिनट के बाद पुलिस आई।” बता दें कि इससे पहले जगन्नाथ सरकार ने आरोप लगाया था कि ‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्म पश्चिम बंगाल में राजनीति का शिकार हो रही है। वहीं अब उन पर हमले की खबर सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक सांसद की गाड़ी के पीछे बम फटा है। गनीमत रही कि बड़ा हादसा होने टल गया। हालांकि इस हमले में गाड़ी में हल्का नुकसान होने की खबर है। वहीं बीजेपी सांसद जगन्नाथ सरकार की ओर से थाने में शिकायत दर्ज कराने की भी सूचना मिल रही है।





