Wednesday, August 12, 2026
Uncategorized

अजमेर दरगाह से ज़ेवर चुराने वाली सबीना बेगम गिरफ्तार

अजमेर की दरगाह थाना पुलिस ने दिल्ली की जायरीन के दरगाह शरीफ में जियारत के दौरान चोरी हुए 20 लाख के गहने बरामद करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है. जिससे पूछताछ की जा रही है.

मामले का खुलासा करते हुए अजमेर के पुलिस अधीक्षक विकास शर्मा ने बताया कि 1 सप्ताह पहले नई दिल्ली की डिफेंस कॉलोनी में रहने वाले मोइन कुरैशी अपनी पत्नी नसीम के साथ दरगाह जियारत के लिए आए थे. इसी दौरान दरगाह में भीड़ भाड़ होने के चलते उन्होंने अपनी ज्वेलरी बैग में रख ली और जियारत के लिए पहुंचे. जहां उनका बैग चोरी हो गया.

इस बैग में उनकी 20 लाख की पुश्तैनी ज्वेलरी रखी थी. जिसे खोकर परिवार काफी परेशान था. इस संबंध में दरगाह थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई. पुलिस ने इस मामले में सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपी महिला की पहचान की और टीम का गठन कर महिला की गिरफ्तारी के लिए महाराष्ट्र अमरावती भेजा गया.

जहां मौजूदा पुलिस अधिकारियों से संवाद करते हुए अजमेर पुलिस महिला के घर तक पहुंची और चोर महिला सबीना को दस्तयाब कर चोरी की गई ज्वेलरी भी बरामद कर ली है. आरोपी महिला चोर सबीना को अजमेर लाया गया और इस संबंध में पूछताछ की गई. फिलहाल महिला ने इस मामले में कुछ भी नहीं बताया है. आरोपी महिला को न्यायालय में पेश कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा.

एसपी विकास शर्मा ने बताया कि आरोपी की पहचान के लिए दरगाह में लगे सीसीटीवी कैमरे काफी महत्वपूर्ण साबित हुए हैं. जिससे महिला की पहचान हुई है. वहीं पुलिस की सतर्कता भी इस मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण रही है. फिलहाल आरोपी महिला से अन्य वारदातों को लेकर भी पूछताछ की जानी है कि वह किसी गिरोह में शामिल है या नहीं. या फिर वह इसी तरह से अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदात को अंजाम देती है.

Leave a Reply