उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के सूर्या चौहान हत्याकांड में मुख्य आरोपित असद को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। दरअसल, बकरीद के दिन 17 साल के सूर्या चौहान पर असद और उसके साथियों ने चाकू से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल सूर्या की बाद में अस्पताल में मौत हो गई थी।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में पाँच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। तीन आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपित असद फरार चल रहा था। उस पर 50 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था।

DCP धवल जायसवाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि असद अपने कुछ साथियों से मिलने खोड़ा इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। इसी दौरान असद और उसका एक साथी बाइक पर आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने बताई एनकाउंटर की इनसाइड स्टोरी

पुलिस को सूचना मिली कि असद अपने एक साथी से मिलने खोड़ा इलाके में आने वाला है। बताया गया कि वह कुछ पैसे लेकर इलाके से बाहर भागने की फिराक में था। सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे क्षेत्र में कॉम्बिंग अभियान शुरू किया और कई जगह बैरियर लगाकर सघन चेकिंग शुरू कर दी।

इसी दौरान वसुंधरा क्षेत्र में पुलिस टीम को एक बाइक पर दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया लेकिन आरोप है कि मुख्य आरोपित असद ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में असद गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस ने घायल असद को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुँचाया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस गोलीबारी में खोड़ा थाना क्षेत्र में तैनात एक कॉन्स्टेबल भी घायल हुआ है जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, असद का एक साथी मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

मौके से पुलिस ने एक पिस्तौल और बाइक बरामद की है। अधिकारियों का कहना है कि असद के आपराधिक इतिहास की भी जाँच की जा रही है। साथ ही, बरामद हथियार की फोरेंसिक जाँच कराई जाएगी और पूरे मुठभेड़ मामले की नियमानुसार जाँच भी की जा रही है। सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपित के मारे जाने के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है और पुलिस अब फरार साथी की गिरफ्तारी में जुटी है।