Tuesday, April 28, 2026
Uncategorized

मोहम्मद शरिक को 10 साल की जेल

मंगलुरु के प्रेशर कुकर ब्लास्ट केस में ISIS आतंकी मोहम्मद शारिक को मिली 10 साल की सजा: NIA कोर्ट के सामने कबूला- उड़ाना चाहता था मंदिर

कर्नाटक के मंगलूरु में हुए चर्चित कुकर बम धमाके के मामले में NIA अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए आतंकी मोहम्मद शारिक को 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। मोहम्मद शारिक ने कोर्ट के सामने अपना जुर्म कबूल किया, जिसके बाद कोर्ट ने उसे यह सजा दी।

जानकारी के अनुसार, ये घटना 19 नवंबर 2022 को कंकनाडी इलाके में हुई थी, जब शारिक एक ऑटो रिक्शा में प्रेशर कुकर बम लेकर जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसमें विस्फोट हो गया। जाँच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आतंकी शारिक का असली मकसद कदरी मंजुनाथ मंदिर को निशाना बनाना था।

वह जिस प्रेशर कुकर बम को लेकर चल रहा था, वह इतना शक्तिशाली था कि पूरी बस को उड़ा सकता था। 3 लीटर के इस कुकर में विस्फोटक जेल, बैटरी और नुकीले कील भरे हुए थे।

ऑटो में सफर के दौरान आतंकी शारिक ने टाइमर तो एक्टिव कर दिया था, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण केवल विस्फोटक जेल में आग लगी और धुआँ फैलने के बाद धमाका हुआ। यदि बम पूरी तरह फट जाता, तो भारी जनहानि हो सकती थी।

इस विस्फोट में मोहम्मद शारिक खुद बुरी तरह झुलस गया था और ऑटो चालक पुरुषोत्तम पुजारी भी घायल हुए थे। करीब 3 महीने तक अस्पताल में इलाज चलने के बाद NIA ने उसे हिरासत में लिया था।

जाँच एजेंसी ने अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर साबित किया कि शारिक एक बड़ी त्रासदी को अंजाम देने वाला था। कोर्ट के इस फैसले को आतंकी गतिविधियों के खिलाफ एक सख्त संदेश माना जा रहा है, क्योंकि समय रहते हुए धमाके ने शहर को एक भीषण हमले से बचा लिया था।

Leave a Reply