मऊ में चंगाई सभा और धर्मांतरण का खेल… जाल में फंसी 400 दलित महिलाएं! पादरी समेत 3 गिरफ्तार
मऊ के पवनी गांव में चंगाई सभा की आड़ में बड़े पैमाने पर धर्मांतरण का खेल चल रहा था. इस दौरान करीब 400 दलित महिलाओं को ईसाई धर्म अपनाने के लिए बहलाया जा रहा था. फिलहाल बजरंग दल की शिकायत पर पुलिस ने छापा मारकर पादरी समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है.
मऊ : यूपी मे इन दिनों आगरा से लेकर बलरामपुर तक और मऊ से लेकर पीलीभीत तक धर्मांतरण का खुला खेल जारी है जहां कई छोटे-बड़े गिरोह इन दिनों एक्टिव है. एक तरफ बलरामपुर और आगरा में धर्मांतरण का खेल चल रहा था तो दूसरी तरफ ईसाई मिशनरियां भी इस काम में पीछे नहीं हैं. ताजा मामला मऊ जिले का है, जहां पुलिस ने चर्च के पादरी समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है. आइए जानते हैं पूरा मामला क्या है.
मऊ में चंगाई सभा और धर्मांतरण का खेल… जाल में फंसी 400 दलित महिलाएं
मऊ में धर्मांतरण का खेल
मऊ की दलित बस्तियों में ईसाई मिशनरियों का कुचक्र थमने का नाम नहीं ले रहा है. जगह-जगह अंधविश्वास फैलाकर चंगाई के बहाने भोले-भाले लोगों के धर्मांतरण का पैसों के बल पर खेल लगातार जारी है. आज मऊ जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र के पवनी गांव में बड़ी संख्या में महिलाओं का जबरन धर्मांतरण कराने की कोशिश का मामला सामने आया है. यहां करीब 400 महिलाओं को ईसाई धर्म में परिवर्तित करने की योजना चल रही थी. बजरंग दल की शिकायत पर पुलिस ने छापा मारकर पादरी समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया और मौके से धर्मांतरण से जुड़ा सामान भी बरामद किया,
सख्त कानून भी बेअसर
वैसे तो यह धर्मांतरण कराने का पहला मामला नहीं है लेकिन सरकार के धर्मांतरण पर सख्त कानून बनाने के बाद भी यह खेल धड़ल्ले से चल रहा है. पुलिस के मुताबिक ईसाई मिशनरियों के लोग प्रार्थना सभा के बहाने बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों को धर्मांतरण के लिए प्रेरित कर रह थे. कुछ लोगों की सूचना और मदद से पुलिस ने मौके पर पहुंच धर्मांतरण कराने में शामिल पादरी समेत 3 को हिरासत में ले लिया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई.






