उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक मौलवी की क्रूरता से भरी हरकत सामने आई है. संबंधित मामला जिले की इगलास कोतवाली इलाके के गांव लुखटिया का है, जहां झाड़फूंक कर इलाज के नाम पर एक महिला के हाथ-पैर पकड़कर पहले नग्न किया गया और फिर बेरहमी से किसी पट्टे से पिटाई की गई. इस दौरान महिला दर्द से चीखती चिल्लाती रही और बेरहम मौलवी पिटाई करता रहा.
शिकायत दर्ज होते ही गिरफ्तार हुआ मौलवी
बताया गया है कि महिला के बीमार होने पर परिजन उसे मौलवी के पास ले गए थे. आरोप है कि मौलवी ने इलाज के नाम पर महिला से छेड़छाड़ और मारपीट की. घटना के संबंध में संबंधित थाना पुलिस से शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी मौलवी के विरुद्ध आनन-फानन में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, पुलिस अग्रिम कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.
पहले बातों में आए परिजन, फिर हालत देख हुए आगबबूला
जानकारी के मुताबिक, परिजन महिला को इलाज के लिए गांव सतलोनी के मौलवी आस मोहम्मद पुत्र वलिया के पास लेकर पहुंचे. यहां मौलवी ने महिला का झाड़फूंक से इलाज करने का भरोसा दिलाते हुए बर्बरता की. पहले तो परेशान परिजन मौलवी की बातों में आ गए, लेकिन जब महिला की हालत और भी ज्यादा बिगड़ती दिखी तो घरवाले तिलमिला उठे. आक्रोशित होकर उन्होंने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने भी महिला की कंडीशन देखकर तत्काल मुकदमा दर्ज किया और आरोपी मौलवी को गिरफ़्तार कर लिया.
देवर ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट
घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी इगलास अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला को डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेजा गया है. उसकी हालत गंभीर है. वहीं, घटना के संबंध में पीड़िता के देवर की तहरीर पर मौलवी आस मोहम्मद, धीरेंद्र, साहब और भूरे खां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है. आरोपित को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है.





