Tuesday, May 5, 2026
Uncategorized

ग्वालियर में क्या फिर बनेगा एक रिटायर्ड सैनिक,पान सिंह तोमर,विवशता का नंगा नाच

सरकारी मशीनरी की सुस्ती का एक और उदाहरण सामने आया है। एक माह पहले आठ फरवरी को जो रिटायर्ड फौजी अपने प्लाट पर कब्जे की शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचा था और पान सिंह तोमर की तरह बंदूक उठाने की विवशता बताई,उसे अभी तक न्याय नहीं मिला है। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने नाराज होकर तत्काल अफसराें को मौके पर भेज कार्रवाई कराई थी,प्लाट का जितने हिस्से पर अतिक्रमण हो गया था उसका पैसा पांच मार्च तक देने की सहमति बनी थी लेकिन अब अतिक्रमण करने वाले पलट गए। मंगलवार को दोबारा रिटायर्ड फौजी रघुनाथ तोमर कलेक्ट्रेट पहुंचा और पीड़ा बताई। रघुनाथ का कहना है कि जिला प्रशासन और भू माफिया सब मिले हुए हैं, जिन लोगों ने अतिक्रमण किया उनके नाम ही दस्तावेजों से गायब कर दिए गए।
आठ फरवरी को कलेक्ट्रेट में पहुंचे थे रघुनाथ

रघुनाथ सिंह तोमर ने बताया कि 22 साल सेना में देश की सेवा की और पिछले साल अगस्त में रिटायर हुए हैं। उन्होंने पत्नी सीमा के नाम से मुरार के साईं नगर में 1020 वर्ग फीट का प्लाट लिया था। प्लाट भूपेंद्र सिंह गंजू व जसवंत सिंह के माध्यम से लिया और रजिस्ट्री अरविंद सिंह गुर्जर ने की थी। अरविंद अधिवक्ता हैं जिन्होंने पक्की कालोनी बताकर कच्ची कालोनी में प्लाट बेचा। रघुनाथ ने 2011 में प्लांट लिया था और 2012 में इसे भूपेंद्र के भाई अशोक सिंह ने विक्रय कर दिया। अब मौके पर भगवान सिंह राठौर, राजकुमारी राठौर और बृजकिशोर व बाल किशन द्वारा प्लाट अपना बताया जा रहा था। कलेक्टर के निर्देश के बाद एसडीएम मुरार अशोक चौहान ने पटवारी ज्ञान सिंह राजपूत, दीवान सिंह व हरिमोहन को मौके पर भेजा और सीमांकन कराया। प्लाट जब खरीदा था तब 1020 वर्ग फीट का था और अब वहां मकान बना लिए गए हैं तो प्लाट 646 वर्ग फीट का रह गया है। 1200 रुपये प्रति वर्ग फीट के हिसाब से शेष चार लाख आठ हजार रुपये पांच मार्च तक देने की लिखित सहमित बनी थी।
सूबेदार भगवान सिंह की तीन बीघा जमीन पर कब्जा
मंगलवार को कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में सूबेदार भगवान सिंह निवासी ग्राम जखारा हस्तिनापुर पहुंचे और उन्होने बताया कि वह डिफेंस सिक्योरिटी में पुणे में पदस्थ हैं। उन्होने तीन बीघा 12 बिस्वा जमीन खरीदी थी जिसकी बुवाई रामलाल बैरागी व उसके चार लड़के कर रहे हैं। हस्तिनापुर थाने में शिकायत की तो उल्टा वहां आरोपितों ने पथराव कर दिया। पुलिस सुन नहीं रही है, प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रहा है।

Leave a Reply