Monday, June 29, 2026
Uncategorized

शौहर मो. शमशेर और ससुर मो. कयूम की बना ली थी फ़िल्म,सलमा खातून की हत्या

नवादा : नगर थाना क्षेत्र के भदौनी आजाद मोहल्ले में गला दबाकर विवाहिता सलमा खातून उर्फ अंजुम की गला दबाकर हत्या कर दी गई। हालांकि ससुराल वालों का कहना है अंजुम ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। इधर, मृतका के भाई गुलजार मोहल्ला निवासी मो. शमशेर आलम ने बताया कि उसके पति मो. शमशेर और ससुर मो. कयूम का दूसरी महिलाओं के साथ अवैध संबंध है।

इसका विरोध करने पर अक्सर उसे प्रताड़ित किया जाता था। कई बार मारपीट भी की गई। जिसके बाद सुलह भी कराया गया। बहन का पति फिलहाल सात-आठ महीनों से दुबई में है। भाई ने यह भी बताया कि कुछ दिनों पहले बहन ने अपने ससुर की वीडियो बना ली थी। जिसमें एक महिला के साथ अवैध संबंध का दृश्य है। उन्होंने आशंका जताते हुए कहा कि अवैध संबंध का वीडियो बनाने के कारण ही बहन की गला दबाकर हत्या की गई है।

मृतका के भैसुर ने दी फांसी लगाने की सूचना

मृतका के भाई ने बताया कि भैसुर मो. आजाद ने घर पर आकर सूचना दी कि बहन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। ससुराल पहुंचने पर देखा कि शव बिस्तर पर पड़ा है। कमरे में छत की इतनी ऊंचाई भी नहीं है कि कोई फांसी लगा सके। इसलिए साफ है कि गला दबाकर हत्या कर दी गई है। ससुर को छोड़ परिवार के अन्य सभी सदस्य फरार हैं।

पिछले साल काट दी थी जुबान

भाई ने बताया कि अवैध संबंध का विरोध करने पर बहन के साथ अक्सर मारपीट की जाती थी। पिछले साल उसकी जुबान तक काट दी गई थी। लेकिन बहन का घर बसाने के चलते ज्यादा विरोध नहीं किया गया। अंतत: ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर डाली। इधर, घटना के बाद मायके के स्वजनों के बीच कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के दो बेटे और एक बेटी है।

घटना की जानकारी पाकर पहुंची पुलिस

– मामले की जानकारी मिलते ही नगर थाना के एसआइ मो. इफ्तेखार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस को लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। एसआइ ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।

Leave a Reply