सीबआई को इस बारे में भेजी चिट्ठी का हवाला देते हुए विश्वनाथ चतुर्वेदी ने मीडिया से कहा कि सभी कंपनियों का पता 2/11 विराट खंड गोमती नगर है। उन्होंने पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। वकील ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के मुखिया के तौर पर जब अखिलेश सत्ता पर थे, तभी तमाम फर्जी कंपनियां बनाई गईंं और इनके जरिए अवैध लेन-देन किया गया। इन कंपनियों के मालिक विवेक यादव, प्रशांत सिंह और मनोज कुमार हैं। कंपनी का नाम पिसेसिया है और ये सभी अखिलेश यादव के करीबी हैं। चतुर्वेदी ने ये आरोप भी लगाया कि साल 2012 से 2017 तक कंपनी को काम मिला। उन्होंने मोनल इन्फ्रा प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी का भी जिक्र किया, जिसमें अमन बिष्ट भी हैं।
बता दें कि विश्वनाथ चतुर्वेदी ने ही सपा के सुप्रीमो रहे पूर्व सीएम और देश के रक्षा मंत्री पद संभाल चुके मुलायम सिंह यादव, अखिलेश यादव और मुलायम के सौतेले बेटे प्रतीक यादव के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला सुप्रीम कोर्ट में दाखिल किया था। इस केस की शुरुआती जांच साल 2013 में हो चुकी है। सुप्रीम कोर्ट में केस चल रहा है और काफी दिनों से इस मामले की सुनवाई नहीं हुई है। वहीं, एक टीवी इंटरव्यू में अखिलेश यादव पहले ही ये आरोप लगा चुके हैं कि विश्वनाथ चतुर्वेदी कांग्रेस के नेता हैं और कांग्रेस की शह पर ही उनके परिवार के खिलाफ आय से ज्यादा संपत्ति का केस दर्ज कराया गया था।





