गोवा विधानसभा चुनाव (Goa Assembly Election 2022) से पहले कांग्रेस (Congress) और तृणमूल कांग्रेस (Trinamool Congress) के बीच दूरियां बढ़ती दिख रही हैं. दोनों पार्टियों के बीच तल्खियां उस समय और बढ़ती दिखीं जब पश्चिम बंगाल (West Bengal) की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) की अध्यक्ष ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने सोमवार को कहा कि टीएमसी ने भाजपा से लड़ने के लिए गोवा में कई पार्टियों के साथ गठबंधन किया है अगर कांग्रेस चाहे तो वह उनके साथ शामिल हो सकती है. हालांकि बनर्जी ने ये भी कहा है कि कांग्रेस के लिए यह एक विकल्प है.
उन्होंने कहा कि अगर पश्चिम बंगाल में सड़क पर पानी भर जाता है, तो भाजपा केंद्रीय जांच एजेंसियों को उनके गृह राज्य भेजती है, लेकिन जब गोवा के नेता भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घिरते हैं तो कोई एजेंसी नजर नहीं आती. वे क्यों आएंगे, वे सभी भाजपा के लोग हैं. ममता बनर्जी ने कहा, ‘मैं कांग्रेस के खिलाफ नहीं बोलना चाहती. अगर कांग्रेस को लगता है कि वह बीजेपी को हराने के लिए काम करना चाहती है, तो हमें कोई आपत्ति नहीं है.’
हमने गोवा में एमजीपी (महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी) के साथ गठबंधन किया है और आज हमने एनसीपी (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) और चार-पांच दलों को एक साथ मिलकर एक गठबंधन बनाया है. उन्होंने कहा कि हमारा गठबंधन ही बीजेपी को हराने के लिए काफी है लेकिन अगर आप जुड़ना चाहते हैं तो हमसे जुड़ें. हमें कोई दिक्कत नहीं है. उन्होंने कहा कि गोवा में भले ही आप मिलकर नहीं लड़ते इसका मतलब यह नहीं है कि कोई और पहल नहीं करेगा.
दक्षिण गोवा में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा, ‘टीएमसी का मतलब मंदिर, मस्जिद और चर्च है.’ उन्होंने कहा कि हम बीजेपी से लड़ रहे हैं. क्या जीतने का कोई मौका है? क्या आपको विश्वास है कि हम जीत सकते हैं? यदि आप आश्वस्त हैं, तो पीछे मत हटिए. आगे बढ़िए. गोवा के तीन दिवसीय दौरे पर बनर्जी ने कहा, ‘हम यहां पर वोट के विभाजन के लिए नहीं आए हैं बल्कि बिखरे हुए वोट को एकजुट करने और टीएमसी गठबंधन को जीत दिलाने के लिए हैं. यह बीजेपी का विकल्प है. अगर कोई इसका समर्थन करना चाहता है, तो इसका निर्णय उन्हें करना है, हम पहले ही फैसला कर चुके हैं. हम लड़ेंगे और मरेंगे लेकिन पीछे नहीं हटेंगे.’





