परिवार का पेट भरने के लिए इंसान को क्या-क्या करना पड़ता है, यह तो वहीं जानते हैं जिनको एक समय की भी रोटी नसीब नहीं होती। एक अफगान पिता को परिवार के लिए रोटी खरीदने के लिए अपनी 9 साल की बेटी को एक 55 साल के शख्स को बेचने के लिए मजबूर होना पड़ा है। बच्ची परवाना मलिक को जिस दिन उसका 55 साल का खरीदार कुर्बान ले गया, उसके पिता अब्दुल मलिक ने रोते हुए उससे कहा कि अब यह तुम्हारी दुल्हन है। कृपया उसकी देखभाल करें। अब आप जिम्मेदार हैं, इसे मारना मत।
इस संबंध में एक रिपोर्ट में कहा गया कि परवाना के परिवार ने कहा कि उनके पास कोई विकल्प नहीं है और वे अफगानिस्तान के उन निराश्रित परिवारों में से हैं जिन्हें जीवित रहने के लिए अपनी युवा बेटियों को शादी के नाम पर बेचने के लिए मजबूर किया जा रहा है। एक अन्य 9 सदस्यीय परिवार अपनी 4 साल और 9 साल की बेटियों को खाने के लिए पर्याप्त पैसे मिलने के बदले बेचने की तैयारी कर रहा है।





