ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख इलाके से जबरदस्ती धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने का मामला सामने आया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी युवक ने युवती को शादी का झांसा देकर उसका दुष्कर्म किया और उसने युवती से पांच लाख रुपए भी हड़प लिए. वह युवती पर धर्म परिवर्तन को लेकर दबाव बना रहा था और उसे जान से मारने की धमकी भी दी. आरोपी फरार हो गया था.
गुरुवार को पुलिस ने उसे तिगड़ी टेंपो स्टैंड के पास से धर दबोचा. नोएडा की एक कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत युवती ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में कहा गया कि 3 साल पहले उसकी मुलाकात फैक्ट्री में नौकरी करने वाले साजिद से हुई थी. वह 3 साल से उसको शादी का झांसा देकर उसके साथ रेप करता रहा.
साजिद ने पीड़िता से बहाने बनाकर पांच लाख रुपए भी हड़प लिए. जब उसने साजिद से शादी करने को कहा तो वह धर्म परिवर्तन को लेकर दबाव बनाने लगा. लेकिन युवती ने अपना धर्म बदलने से साफ मना कर दिया तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देने लगा. आरोपी ने चोरी छुपे निकाह कर लिया था और वह युवती को धोखा देने के बाद फरार हो गया.
पीड़िता ने 30 अगस्त को कोतवाली बिसरख में आरोपी साजिद के विरुद्ध केस दर्ज करवाया, जिसके बाद आरोपी को लेकर पुलिस ने तलाश शुरू कर दी. गुरुवार सुबह आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जो मूल रूप से कासगंज का रहने वाला है और फिलहाल वसुंधरा सेक्टर 15 गाजियाबाद में रह रहा था.





