दिल्ली (Delhi) के भजनपुरा इलाके में एक नाबालिग लड़की पर 50 साल की एक महिला को गोली मारने का आरोप लगा है. जानकारी के मुताबिक लड़की ने 7 जनवरी की शाम महिला को गोली मारी थी. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी लड़की को पिस्टल के साथ पकड़ लिया था. जांच में पता चला है कि लड़की ने जिस महिला को गोली मारी उसके बेटे पर लड़की के रेप का आरोप है.
पुलिस उपायुक्त (पूर्वोत्तर) संजय कुमार सेन ने कहा कि पुलिस नियंत्रण कक्ष को शनिवार शाम करीब 5:30 बजे भजनपुरा के घोंडा इलाके में गोली चलने की सूचना मिली. जब पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची, तो उन्हें बताया गया कि महिला को उसके एक परिचित नाबालिग ने गोली मारी है और पीड़िता को स्थानीय निवासियों द्वारा जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया है. पुलिस अस्पताल पहुंची, तो उसे पता चला कि महिला अपने घर के ग्राउंड फ्लोर पर किराने की दुकान चलाती है. वह अपनी दुकान पर थी, जब लड़की उसके पास आई, उसे गोली मार दी और फिर मौके से भाग गई.
महिला की दुकान पर आकर लड़की ने गोली चलाई
रिपोर्ट के मुताबिक मामला उत्तरी घोंडा के सुभाष मोहल्ले की है. भजनपुरा थाने पर पुलिस को सूचना मिली थी कि एक लड़की ने एक महिला को गोली मार दी. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने गोली से घायल महिला को देखा. घायल महिला का नाम खुर्शीदा बताया गया है, उम्र 50 साल है. पुलिस की पूछताछ में पता चला कि खुर्शीदा किराने की दुकान चलाती हैं. खुर्शीदा ने पुलिस को बताया कि करीब 16-17 साल की एक लड़की उनकी दुकान पर आई और उसने उन्हें पिस्टल से गोली मार दी.






