कांग्रेस के पंजाब प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू का बैड प्रदेश कांग्रेस भवन में लग गया है। सिद्धू के लिए बकायदा नया बैड खरीदा गया है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि सिद्धू अब कांग्रेस भवन में ही रुकेंगे। सिद्धू कांग्रेस के दूसरे ऐसे प्रधान होंगे, जिनका कांग्रेस भवन में बैड लगा है। इससे पहले कांग्रेस के पूर्व प्रधान व वर्तमान में राज्यसभा सदस्य शमशेर सिंह दूलो ने प्रधान रहते हुए अपना बैड कांग्रेस भवन में लगाया था और वह नियमित रूप से कांग्रेस भवन में ही रहते थे।
बता दें कि कांग्रेस भवन में बैड लगाने की घोषणा नवजोत सिंह सिद्धू ने 23 जुलाई को प्रदेश प्रधान की कमान संभालते समय की थी। सिद्धू ने कहा था ”15 अगस्त से मेरा बिस्तर कांग्रेस भवन में ही लगेगा। मंत्री भी 3 घंटे कांग्रेस भवन में बैठा करें।” प्रदेश की कमान संभालने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।
सिद्धू ने पिछले दिनों जहां पार्टी के विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात की, वहीं उन्होंने दलित व ओबीसी वर्ग के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की। 2 दिन पूर्व ही सिद्धू ने शहरी क्षेत्र के विधायकों के साथ भी बैठक की है। माना जा रहा है कि जनसंपर्क अभियान को बढ़ाने व कार्यकर्ताओं में अपनी पहुंच को बढ़ाने के लिए अब सिद्धू कांग्रेस भवन में भी रहेंगे।
इन दिनों पंजाब कांग्रेस में वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। एक तरफ मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह हैं और दूसरी तरफ नवजोत सिंह सिद्धू। पंजाब कांग्रेस की कमान संभालने के बाद कांग्रेस भवन के बाहर लगे सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के पोस्टर को हटा दिया गया था। वहां अब सिद्धू का पोस्टर है। यह वार न सिर्फ पंजाब कांग्रेस भवन में दिख रहा है बल्कि पटियाला व अमृतसर में भी वार चल रहा है। नवजोत सिंह सिद्धू ने जहां कैप्टन के गढ़ पटियाला में सक्रियता बढ़ाई है, वहीं कैप्टन ने सिद्धू के विधानसभा क्षेत्र अमृतसर में सक्रियता बढ़ा दी है। स्वतंत्रता दिवस का राज्यस्तरीय कार्यक्रम कैप्टन ने अमृतसर में रखा।





