‘मूवी सेट की तरह डिजाइन थी PM मोदी की चाय बागान के श्रमिकों संग मुलाकात’: TMC सांसद और कॉन्ग्रेसी ‘पत्रकार’ ने AI तस्वीर शेयर कर फैलाया झूठ

आगामी विधानसभा चुनावों से पहले तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) के सांसद कीर्ति आजाद ने बुधवार (4 अप्रैल 2026) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर फर्जी खबर फैलाई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एआई (AI) से बनाई गई एक तस्वीर साझा की जिसमें प्रधानमंत्री मोदी को चाय बागान में बैठकर महिलाओं से बातचीत करते हुए दिखाया गया था।
इस पोस्ट के जरिए TMC सांसद यह दिखाने की कोशिश कर रहे थे कि इस फोटोशूट के लिए किसी फिल्म सेट जैसा माहौल तैयार किया गया था। फर्जी खबर फैलाने के लिए पहले भी कुख्यात रहे कीर्ति आजाद ने दावा किया, “उन्होंने अमिताभ बच्चन और रजनीकांत को भी पीछे छोड़ दिया है। उनकी एक्टिंग और ड्रामा बेमिसाल है। यह सब अचानक नहीं बल्कि पूरी योजना के तहत किया गया है।”

अपने ट्वीट में उन्होंने आगे कहा, “देखिए पर्दे के पीछे क्या होता है। सब कुछ पूरी तरह से सेट किया गया है। लोग एलपीजी की लाइन में संघर्ष कर रहे हैं लेकिन विश्वगुरु एक तस्वीर के लिए करोड़ों खर्च कर रहे हैं। इसे सिर्फ तथाकथित ‘अंधभक्त’ ही समझेंगे।”
कॉन्ग्रेस समर्थक माने जाने वाले पत्रकार राजू पारुलेकर ने भी इस AI द्वारा बनाई गई तस्वीर को शेयर किया है। गौरतलब है कि पिछले साल अडानी मानहानि मामले में सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें समन जारी किया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीते दिनों दार्जिलिंग (पश्चिम बंगाल) और डिब्रूगढ़ (असम) के चाय बागानों का दौरा कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने महिला श्रमिकों से मुलाकात भी की थी। हालाँकि, इस बात का कोई सबूत नहीं है कि इस मुलाकात को फिल्मी सेट की तरह तैयार किया गया था।





