आईपीएस रूपा क्राइम डिवीजन हेड बनने वाली पहली महिला आईपीएस हैं.
सोशल मीडिया पर एक आईएएस और आईपीएस महिला अधिकारियों के बीच घमासान चल रहा है. महिला अधिकारी हैं कर्नाटक हस्तशिल्प विकास निगम की एमडी आईपीएस रूपा मौदगिल और आईएएस अधिकारी रोहिणी सिंधुरी. आईपीएस रूपा ने आरोप लगाया है कि आईएएस रोहिणी सिंधुरी कुछ पुरुष आईएएस अधिकारियों के साथ अपनी निजी तस्वीरें साझा कर रही थीं. रूपा का कहना है कि अखिल सेवा आरण नियमों के अनुसार, इस तरह की तस्वीरें शेयर करना और इस तरह की बातचीत करना अपराध है. अब सवाल है कि कौन हैं आईपीएस रूपा मौदगिल और आईएएस आईएएस रोहिणी सिंधुरी. आइए जानते हैं-
आईपीएस रूपा मौदगिल
कर्नाटक कैडर की आईपीएस रूपा मौदगिल 2000 बैच की ऑफिसर हैं. रूपा की यूपीएससी सिविल सेवा ऑल इंडिया 43वीं रैंक थी. रूपा मोगदिल के नाम कई उपलब्धियां हैं. आईपीएस रूपा साइबर क्राइम डिवीजन की हेड बनने वाली भारत की पहली महिला पुलिस अधिकारी हैं. उन्हें 2013 में साइबर क्राइम डिवीजन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. इसके अलावा वह कर्नाटक सरकार में गृह सचिव के रूप में नियुक्त होने वाली भी पहिला महिला आईपीएस हैं. आईपीएस रूपा कर्नाटक के दावणगेरे की रहने वाली हैं. उन्होंने कुवेंपु विश्वविद्यालय, शिवमोगा से ग्रेजुएशन और बैंगलोर विश्वविद्यालय से मनोविज्ञान में पीजी किया है. उनकी शादी मुनीश मौदगिल से हुई है.
कन्नड़ सिनेमा की पार्श्व गायिका भी हैं आईपीएस रूपा
आईपीएस रूपा मौदगिल कन्नड़ सिनेमा पार्श्व गायिका भी हैं. उन्होंने साल 2019 में कन्नड़ फिल्म बायालातदा भीमन्न फिल्म में गाने को आवाज दी थी. आईपीएस रूपा की पहचान एक सख्त पुलिस अधिकारी की रही है.
कौन हैं आईएएस अधिकारी रोहणी सिंधुरी
रोहणी सिंधुरी 2009 बैच की कर्नाटक कैडर की आईएएस ऑफिसर हैं. सिंधुरी की यूपीएससी ऑल इंडिया 43वीं रैंक थी. रोहिणी सिंधुरी का जन्म 30 मई 1984 को आंध्र प्रदेश में हुआ था. उन्होंने केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया है. वह वर्तमान में हिंदू धार्मिक संस्थानों और धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग की कमिश्नर हैं. रोहणी सिंधुरी की शादी सॉफ्टवेयर इंजीनियर सुधीर रेड्डी से हुई है.






