नाबालिग छात्रा के अपहरण का आरोपी एजाज को पुलिस ने पकड़ा.
मैट्रिक की छात्रा को विदेश में बेचने की थी तैयारी.
परीक्षा के बाद एजाज ने किया छात्रा का अपहरण.
पुलिस ने पटना एयरपोर्ट से आरोपी को पकड़ लिया.
मैट्रिक परीक्षा खत्म करने के बाद घर निकल रही छात्रा का अपहरण कर लिया गया था. बताया जा रहा है कि उसे विदेश बेचने के लिए अगवा कर लिया गया था, लेकिन उसे पटना एयरपोर्ट से बरामद किया गया है. साथ ही आरोपी युवक मो एजाज को भी पकड़ लिया गया. पुलिस उसे लेकर मुजफ्फरपुर पहुंची और पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई करने में नगर थाने की पुलिस जुट गई.
बताया जा रहा है कि छात्रा पारू इलाके की रहने वाली है. युवक छात्रा को हवाइ जहाज से कोलकाता ले जाने के फिराक में था, जहां से फिर उसे दूसरे देश में भेजकर बेच देता. गिरफ्तार युवक के पास से मिले मोबाइल में पुलिस को कई आपत्तिजनक वीडियो, रिकॉर्डिंग और फोटो मिले हैं. छात्रा के पिता के बयान पर आरोपित युवक, एक महिला और तीन अन्य पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
नगर थानेदार श्रीराम सिंह ने बताया कि आरोपी को पटना एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है. उससे पूछताछ की जा रही है. परिजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक भी पारू इलाके का है. वह छात्रा को स्कूल-कोचिंग आने जाने के क्रम में छेड़खानी करता था. इसे लेकर छात्रा के परिजनों ने उसे हिदायत भी दी थी. इस बीच छात्रा की दसवीं की परीक्षा थी. 21 फरवरी को परीक्षा खत्म होने पर आरोपी अपने साथियों के साथ छात्रा को बोलेरो से अगवा कर लिया. इसकी जानकारी अन्य बच्चों से परिजनों को मिली.
बताया जा रहा है की बोलेरो से अगवा कर सीधा एयरपोर्ट पहुंचा.वहा तैनात सीआईएसएफ के जवान चेकिंग कर रहे थे. शक होने पर दोनों को रोक लिया गया. प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर सीआइएसएफ के जवानों को मामला संदेहास्पद लगा. इसके बाद उनलोगों ने पटना के एयरपोर्ट थाने की पुलिस को बुलाकर सौंप दिया. साथ ही छात्रा के परिजनों को भी इसकी सूचना दी.






