चंगाई सभा और चिकन-मटन भोज की आड़ में ST लोगों के धर्मांतरण का प्रयास, MP के गुना में सक्रिय हैं ईसाई मिशनरी: 300-400 लोगों को किया इकट्ठा, Video हुआ वायरल
मध्य प्रदेश के गुना जिले में ईस्टर के नाम पर आयोजित एक सभा में जनजातीय को प्रार्थना के जरिए बीमारी ठीक करने का दावा कर धर्मांतरण का प्रयास किया जा रहा था। यहाँ दो बकरे और 40 मुर्गे काटकर 300-400 लोगों के लिए भोज तैयार किया गया और चंगाई सभा के नाम पर लोगों को इकट्ठा किया गया।
सभा में शामिल लोगों से कहा गया कि प्रार्थना से बीमारी और नशा दोनों ठीक हो सकते हैं। कई ग्रामीणों ने बताया कि अस्पताल या पारंपरिक इलाज से राहत न मिलने पर उन्हें यहाँ बुलाया गया।
मेहंदी बाई और अन्य लोगों ने माना कि पहले झाड़-फूँक कराई, अब प्रार्थना के जरिए इलाज की उम्मीद दी है। आरोप है कि इस तरह एक अंधविश्वास की जगह दूसरा अंधविश्वास बैठाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मिशनरी से जुड़े लोग हर रविवार ऐसी सभाएँ कराते हैं और इसे मन परिवर्तन बताते हैं। ईस्टर पर हुई इस सभा का वीडियो वायरल होने के बाद संबंधित लोग गायब हो गए। हिंदू संगठनों ने इसे लालच देकर धर्मांतरण का जरिया बताया।
इससे पहले भी पिछले दो दशकों से मिशनरी गतिविधियाँ यहाँ सक्रिय हैं। 2017 में भी अवैध निर्माण पर कार्रवाई कर गिरजाघरों को सील किया गया था। प्रशासन ने अब मामले की जाँच शुरू कर दी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की बात कही है।






