भाजपा सांसद वरुण गांधी के तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है. अगले हफ्ते टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी दिल्ली दौरे के दौरान बात आगे बढ़ सकती है. सूत्रों के मुताबिक, जेडीएस से बसपा में शामिल हुए सांसद दानिश अली भी टीएमसी का दामन थाम सकते हैं. गौरतलब है कि वरुण गांधी भाजपा से नाराज चल रहे हैं. उनकी मां मेनका गांधी और उन्हें भाजपा की राष्ट्रीय कार्य समिति में जगह नहीं मिली है
टीएमसी के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, अब वह भाजपा छोड़ने पर विचार कर रहे हैं. ऐसे में उन्हें एक नए राजनीतिक मंच की जरूरत होगी. कांग्रेस में जाना उनके लिए मुमकिन नहीं लग रहा है. ऐसे में वह टीएमसी के संपर्क में हैं. गौरतलब है कि वरुण गांधी ने हाल ही में लखीमपुर हिंसा की निंदा की थी. महात्मा गांधी की जयंती पर नाथूराम गोडसे के खिलाफ भी मुखर हुए थे.
गौरतलब है कि लखीमपुर खीरी में हिंसा के दौरान पीलीभीत से भाजपा के सांसद वरुण गांधी ने एक वीडियो ट्वीट किया था. इससे पहले भी उन्होंने लगातार सीएम उ ओगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर गन्ना का मूल्य बढ़ाने की मांग की थी. अब किसानों के पक्ष में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी बाजपेयी के भाषण का वीडियो ट्वीट कर वरुण गांधी ने लिखा है कि बड़े दिलवाले नेता थे अटलजी.
उन्होंने किसान आंदोलन का जिक्र किया है. भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से हाल ही में बाहर किए गए वरुण गांधी किसान आंदोलन को लेकर लगातार सरकार को घेर रहे हैं





