सलमान खान के साथ दिखे तो अंजाम बुरा होगा: भोजपुरी स्टार पवन सिंह को लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने दी धमकी, Big Boss फिनाले में जाने का था प्लान
भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की ओर से धमकी भरी कॉल मिलने की खबर सामने आई है। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताते हुए पवन सिंह को चेतावनी दी कि वह सलमान खान के साथ स्टेज पर नजर न आएँ।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह धमकी उन्हें बिग बॉस के फिनाले में शामिल होने से ठीक पहले दी गई। कॉल में कहा गया कि अगर पवन सिंह सलमान खान के साथ मंच साझा करते हैं, तो इसका गंभीर अंजाम होगा और उनका करियर भी प्रभावित हो सकता है।
इसके साथ ही उनसे भारी रकम की भी माँग की गई। कॉल करने वाले ने साफ संकेत दिया कि उनकी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल, इस मामले में सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दे दी गई है और जाँच शुरू हो गई है।






