विधायक विश्रामगृह में सुरक्षा की पोल खुली! अपने ही कमरे में युवक-युवती को आपत्तिजनक हालत में देख दंग रह गए कांग्रेस विधायक..
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित विधायक विश्रामगृह में सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही सामने आई है। महिदपुर (उज्जैन) से कांग्रेस विधायक दिनेश जैन ‘बॉस’ के आवंटित कमरों में पुलिस की वर्दी पहने एक युवक और युवती आपत्तिजनक हालत में मिले। अचानक विधायक के पहुंचने से पूरे मामले का खुलासा हुआ।
जानकारी के मुताबिक, 2 नवंबर को दिल्ली से भोपाल लौटे विधायक दिनेश जैन दोपहर करीब 3 बजे विश्रामगृह के खंड क्रमांक-3 स्थित अपने आवंटित कक्ष नंबर 13 और 14 में पहुंचे। जैसे ही उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला, अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। कमरे में युवक और युवती मौजूद थे। पकड़े जाने पर दोनों हाथ-पैर जोड़कर माफी मांगने लगे और मौका मिलते ही वहां से भाग निकले।
कमरों की चाबी और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद विधायक ने विश्रामगृह के स्टाफ और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि जब वे भोपाल से बाहर रहते हैं, तब कमरों की चाबी मुख्य काउंटर पर केयरटेकर के पास जमा रहती है। साफ-सफाई जैसे कार्यों के लिए कर्मचारियों को कमरे तक पहुंच दी जाती है। विधायक ने आशंका जताई कि इस व्यवस्था का फायदा उठाकर कोई भी अनधिकृत व्यक्ति कमरे में प्रवेश कर सकता है और किसी गंभीर अपराध या साजिश को अंजाम दे सकता है।
पीडब्ल्यूडी ने शुरू की जांच
विधायक की शिकायत के बाद विधानसभा सचिवालय के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर एससी वर्मा ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। विधायक के कमरे में अनधिकृत लोगों के प्रवेश और पूरी घटना की विस्तृत जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी कर्मचारी या व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने विधायक विश्रामगृह की सुरक्षा व्यवस्था और कमरों की चाबी रखने की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
#vidhayak #resthouse #आपत्तिजनक #युवक #युवती






