अकबर और उसके साथियों ने दलित हिन्दू मजदूर को खंभे से उल्टा बाँध तब तक मारा, जब तक नहीं हुई मौत: UP पुलिस ने मुख्य आरोपित के साथ 14 साल के लड़के को भी दबोचा
Balrampur muslim lynched hindi
हिन्दू मजदूर राम सनेही की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी अकबर अली को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने लोगों को अंदर तक हिला दिया है। गैसड़ी थाना क्षेत्र के ठकुरापुर गाँव में 38 साल के हिन्दू दलित मजदूर राम सनेही को अकबर अली और उसके साथियों ने मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी अकबर अली और एक 14 साल के आरोपित को भी पकड़ लिया है।
घर में चोरी के शक में अकबर अली ने राम सनेही को पकड़कर पहले बिजली के खंभे से बाँधा और बेरहमी से पीटा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि राम सनेही खम्भे से बंधे हैं और सामने खड़ा एक शख्स उन्हें डंडे से पीट रहा है।
राम सनेही मांगते रहे दया की भीख
वायरल वीडियो में राम सनेही बार बार दया की भीख मांगते सुनाई पड़ते है। वह कहते हैं, “भइया, मत मारो, छोड़ दो”, लेकिन अकबर और उसके साथियों का दिल एक बार भी नहीं पसीजता। वीडियो में राम सनेही लगातार रो रहे हैं, चिल्ला रहे हैं लेकिन आरोपी उसे बेरहमी से डंडे से पीट रहा है।
घटना के बारे में जानिए
राम सनेही बलरामपुर के ही विशुनपुर कलां गाँव के रहने वाले थे और मजदूरी करके अपना और अपने परिवार का पेट पालते थे। घटना की रात ठकुरापुर इलाके में आरोपी अकबर अली ने उन्हें चोरी के प्रयास के शक में पकड़ लिया। उनपर अत्याचार करने के बाद अकबर ने राम सनेही को नहर किनारे फेंक दिया। 11 अगस्त की सुबह उनका शव मिला। लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया जहाँ डॉक्टर ने राम सनेही मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई फूल कुमार के मुताबिक, किसी ने इस घटना का वीडियो फेसबुक पर पोस्ट किया था। जब परिवार को इसका पता चला, तो उन्होंने वीडियो डाउनलोड कर पुलिस को सौंप दिया। इसी वीडियो के आधार पर पूरी जाँच ने रफ्तार पकड़ी।
परिवार ने कराई नामजद FIR
फूल कुमार ने अपनी शिकायत में ठकुरापुर के रहने वाले गुड्डू, उसके पिता अकबर अली, मग्घे नाऊ और कुछ अन्य लोगों पर राम सनेही की पिटाई का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि इसी मारपीट की वजह से राम सनेही की जान गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या के साथ-साथ अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम (SC/ST Act) के तहत भी मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। (फोटो- ईटीवी भारत)
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, आरोपियों में एक नाबालिग भी
पुलिस ने अब तक मुख्य आरोपी अकबर अली और करीब 14 साल के एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। नाबालिग के खिलाफ किशोर न्याय कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि घटना में इस्तेमाल किया गया डंडा बरामद कर लिया गया है।
मृतक अनुसूचित जाति समुदाय से थे और पुलिस ने SC/ST Act की धाराएं भी लगाई हैं, इसलिए मामला और संवेदनशील हो गया है। पुलिस अपनी शुरुआती जांच में इस आरोप की भी पड़ताल कर रही है कि क्या राम सनेही सच में चोरी के इरादे से वहां पहुंचे थे या कोई निजी दुश्मनी निकाली गई है।






